RaeBareli News: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार को बछरावां कस्बे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ओवरब्रिज पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से गिरे एक अधेड़ को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया. हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक के परखच्चे उड़ गए.
ADVERTISEMENT
डिवाइडर से टकराकर सड़क पर गिरा था बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के असरैन्दा निवासी राम सागर (50) पुत्र बाबूलाल सोमवार को लखनऊ की ओर से बाइक पर सवार होकर आ रहे थे. जैसे ही वह बछरावां कस्बे के पास स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे, अचानक उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राम सागर उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरे.
अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राम सागर के गिरते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया. इस भीषण भिड़ंत में बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और राम सागर की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं सड़क से क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है.
ADVERTISEMENT









