Raebareli Viral Video: रायबरेली जिले के सलोन विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अपनी ही सरकार की छवि बचाने के लिए भाजपा विधायक अशोक कोरी 'रुद्र' अवतार में आ गए. छतोह के एसडीओ और विजिलेंस टीम की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध विधायक का पारा ऐसा चढ़ा कि उन्होंने सरेआम अधिकारियों की क्लास लगा दी. दो टूक शब्दों में कहा- ऐसे अधिकारी क्षेत्र में नहीं चाहिए जो घूसखोरी का नरक मचा दें.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री की छवि पर 'बट्टा' बर्दाश्त नहीं
सलोन के ब्लॉक सभागार में आयोजित विद्युत मेगा समाधान कैंप में जनता की शिकायतें सुन रहे विधायक अशोक कोरी का सामना जब भ्रष्टाचार की शिकायतों से हुआ, तो उनका धैर्य जवाब दे गया. उन्होंने एसडीएम की मौजूदगी में ही एसडीओ (छतोह) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की वजह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बेदाग छवि धूमिल हो रही है. विधायक ने कहा कि जनता को परेशान कर अपनी जेब भरने वाले अधिकारी सुधर जाएं या बोरिया-बिस्तर बांध लें. हमारे क्षेत्र में लूट-खसोट करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विधायक का 'रौद्र' रूप
अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक का तल्ख अंदाज और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी दहाड़ को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. फेसबुक से लेकर व्हाट्सएप ग्रुप्स तक, विधायक के इस 'ऑन द स्पॉट' फैसले और फटकार की वीडियो क्लिप्स छाई हुई हैं. यूजर्स लिख रहे हैं- "जनप्रतिनिधि हो तो ऐसा!"
विजिलेंस टीम पर भी बरसीं 'बिजलियां'
विधायक की नाराजगी सिर्फ एसडीओ तक सीमित नहीं रही. कैंप में मौजूद विजिलेंस टीम को भी उन्होंने जमकर फटकार लगाई. विधायक ने आरोप लगाया कि चेकिंग के नाम पर गरीबों का उत्पीड़न और अवैध वसूली का खेल बंद होना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो इसकी शिकायत सीधे शासन स्तर पर की जाएगी.
कैंप में सन्नाटा, जनता ने बजाईं तालियां
जिस वक्त विधायक अधिकारियों को 'आईना' दिखा रहे थे, वहां मौजूद अन्य विभाग के कर्मचारी बगलें झांकते नजर आए. वहीं, बिजली विभाग की मनमानी से त्रस्त स्थानीय लोगों ने विधायक के इस कड़े रुख को देखते हुए तालियां बजाते हुए स्वागत किया है.
ADVERTISEMENT









