रायबरेली में ‘स्पाइडरमैन’ चोरों की जमकर पिटाई, ग्रामीणों ने बंधक बनाकर सिखाया सबक

Raebareli Crime News: भदोखर के बेहटा खुर्द में चोरी करने घुसे तीन शातिरों की ग्रामीणों ने जमकर 'खातिरदारी' कर दी. छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों को रंगे हाथ दबोच कर भीड़ ने बंधक बनाया और लात-घूंसों से सबक सिखाया..इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Raebareli News

Newzo

• 03:36 PM • 31 Mar 2026

follow google news

Raebareli Crime News: कहते हैं कि किस्मत खराब हो तो ऊंट पर बैठे आदमी को भी कुत्ता काट लेता है. लेकिन भदोखर के बेहटा खुर्द गांव में तो चोरों के साथ जो हुआ उसे देख अब इलाके के दूसरे शातिर भी तौबा कर लेंगे. छत के रास्ते 'स्पाइडरमैन' बनकर घर में घुसे तीन चोरों को ग्रामीणों ने ऐसा 'प्रसाद' चखाया कि पुलिस के आने तक उनकी सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई. इस पूरी 'खातिरदारी' का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

​खामोशी ने बिगाड़ा खेल

​मामला भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा खुर्द गांव का है. यहां बीती रात तीन चोर बड़े ही इत्मीनान से एक घर को निशाना बनाने पहुंचे थे. लगा था कि सब गहरी नींद में होंगे., इसलिए चोरों ने एंट्री के लिए छत का रास्ता चुना. लेकिन जैसे ही उन्होंने घर के अंदर कदम रखा, उनकी आहट ने घर वालों की नींद उड़ा दी. फिर क्या था? चोर-चोर के शोर ने पूरे मोहल्ले को जगा दिया.

​भागने की कोशिश हुई नाकाम, ग्रामीणों ने सिखाया 'सबक'

​पकड़े जाने के डर से तीनों शातिरों ने भागने की पूरी कोशिश की. लेकिन घेराबंदी ऐसी थी कि परिंदा भी पर न मार सके. ग्रामीणों ने भागते हुए तीनों को दबोच लिया. इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया. तीनों को बंधक बनाया गया और फिर शुरू हुई उनकी 'खातिरदारी'. लात-घूंसों की ऐसी बरसात हुई कि चोरों की हेकड़ी धरी की धरी रह गई.

​खातिरदारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

​हैरानी की बात तो यह रही कि जब ग्रामीण चोरों को 'सबक' सिखा रहे थे उसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसमें ग्रामीण चोरों को बंधक बनाकर पूछताछ और पिटाई करते नजर आ रहे हैं.

​पुलिस की गिरफ्त में 'अधमरे' चोर

​सूचना मिलते ही भदोखर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पकड़े गए आरोपियों के आधार पर कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी पर्दाफाश हो सके.