Raebareli Relief Fund: गंभीर बीमारियों की मार झेल रहे बेसहारा और जरूरतमंद परिवारों के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 'संकटमोचक' बनकर सामने आई है. सदर विधायक अदिति सिंह की सक्रियता के चलते मार्च माह में विधानसभा क्षेत्र के 33 गंभीर रोगियों के लिए 57 लाख 65 हजार 325 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है. इस धनराशि से असाध्य रोगों से जूझ रहे मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार सुनिश्चित होगा.
ADVERTISEMENT
जनकल्याण के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के निस्तारण में जुटी विधायक अदिति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह पहल त्वरित राहत और जनकल्याण के प्रति शासन की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है. विधायक ने बताया कि जब कोई परिवार बीमारी और आर्थिक तंगी से टूट रहा होता है, तब मुख्यमंत्री राहत कोष उनकी सबसे बड़ी उम्मीद बनता है.
त्वरित राहत से खिले चेहरे
अदिति सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कराकर शासन को भेजा गया था, जिस पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित निर्णय लेते हुए सहायता राशि जारी की है. गौरतलब है कि सदर विधायक लगातार क्षेत्र में कैंप लगाकर और लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सीधे शासन तक पहुँचा रही हैं. सरकारी खजाने से मिली इस मदद के बाद लाभार्थियों और उनके परिजनों ने सरकार व विधायक के प्रति आभार प्रकट किया है.
अदिति की दो टूक:
सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि धन के अभाव में किसी का इलाज न रुके. मुख्यमंत्री योगी जी के मार्गदर्शन में हम हर गरीब और लाचार व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं.
ADVERTISEMENT









