Yogi Adityanath Mother Death News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित मोक्ष धाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दौरान सीएम योगी खुद मौजूद रहे और भावुक नजर आए. उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे. सावित्री देवी को मुखाग्नि सीएम योगी के छोटे भाई महेंद्र और शैलेंद्र ने दी. इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव पंचूर में मां की अर्थी को कंधा दिया था.
ADVERTISEMENT
मां की अर्थी को कंधा देते समय भावुक हुए सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. यहां उन्होंने मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वह अपनी आंखों से आंसू पोंछते नजर आए. इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट के लिए रवाना हुई. सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हुआ था. वह 91 साल की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं.
महेंद्र और शैलेंद्र ने दी मुखाग्नि
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार चंडीघाट स्थित मोक्ष धाम में करीब 11:30 बजे किया गया. सीएम योगी के छोटे भाइयों महेंद्र और शैलेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे. अंतिम संस्कार को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं. श्रद्धांजलि देने के लिए फूलों से सजा विशेष मंच बनाया गया था और पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. इस मौके पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मंत्रियों तथा देशभर से विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने का कार्यक्रम था.
यह भी पढ़ें- मां को अंतिम विदाई देते वक्त रो पड़े सीएम योगी, रुमाल से आंसू पोछते हुए भावुक तस्वीरें आईं सामने
अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ लौटेंगे सीएम योगी
अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहने और इसके बाद लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम था. लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उनके शामिल होने का कार्यक्रम तय है. मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार को ही अपने पैतृक गांव पहुंच गए थे. शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान वह परिवार के साथ मौजूद रहे और मां को अंतिम विदाई दी.
ADVERTISEMENT











