हापुड़ के सरकारी स्कूलों में 30-35 लोगों के साथ पहुंचे CJP नेता सौरभ दास, बाहरी एंट्री पर रोक के बावजूद बनाया वीडियो?

देवेंद्र शर्मा

• 04:42 PM • 20 Nov 2026

हापुड़ में कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास ने सरकारी स्कूलों का औचक दौरा कर बच्चों से बातचीत की और सुविधाएं परखीं. बिना अनुमति 30-35 लोगों की एंट्री और वीडियो बनाने से शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे.

Saurav Das

Saurav Das

Google CTA

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है. 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास अपने समर्थकों के साथ जिले के कई सरकारी स्कूलों में जा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाई और सुविधाओं का जायजा लिया बल्कि बाद में बेसिक शिक्षा कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन भी सौंपा.  हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ के साफ निर्देशों के बावजूद बिना पूर्व सूचना के 30 से 35 बाहरी लोगों के स्कूल परिसर में दाखिल होने और वीडियो बनाने की घटना ने अब स्थानीय प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली व निगरानी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

बच्चों के बीच बैठकर जाना हाल, बीएसए दफ्तर में सौंपा ज्ञापन

जानकारी के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास ने 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत हापुड़ के कई सरकारी स्कूलों का दौरा किया. इस दौरान वे कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ बैठकर बातचीत करते हुए पढ़ाई और स्कूल में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. स्कूलों का जायजा लेने के बाद सौरभ दास बेसिक शिक्षा कार्यालय पहुंचे और सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.

बिना सूचना 30-35 लोगों के घुसने और वीडियो बनाने का आरोप

इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग की सुरक्षा और अनुमति व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. बताया जा रहा है कि सौरभ दास के स्कूलों में पहुंचने की भनक स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग को पहले से नहीं थी. चमरी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य बाला देवी ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि स्कूल में आने वाले लोग कौन हैं और किस संगठन से जुड़े हैं. प्रधानाचार्य का आरोप है कि करीब 30 से 35 लोग अचानक स्कूल परिसर में दाखिल हुए और वीडियो बनाने लगे.

सीएम के निर्देशों के बाद भी अनधिकृत एंट्री पर उठे सवाल

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सरकारी स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के अनधिकृत प्रवेश व वीडियो बनाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं. इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में बाहरी लोगों का स्कूल में पहुंचकर वीडियो बनाना नियमों के पालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए तय दिशा-निर्देशों पर अमल क्यों नहीं हो पा रहा है.

दोपहर 1 बजे तक दफ्तर में नहीं दिखीं बीएसए

इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग का पक्ष जानने के लिए जब यूपी Tak की टीम बेसिक शिक्षा कार्यालय पहुंची, तो दोपहर 1 बजे तक बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दीपा भाटी कार्यालय में मौजूद नहीं मिलीं. उनका पक्ष लेने के लिए फोन पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. अब देखना होगा कि सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की निगरानी और जवाबदेही को लेकर विभाग क्या कदम उठाता है.

ये भी पढ़ें: CM योगी की मां के निधन की खबर सुन भावुक हुए अखिलेश यादव, सियासी विरोध भुलाकर दी श्रद्धांजलि!