उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ (STF) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. दोनों एजेंसियों के जॉइंट ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में 'डी कंपनी' से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ढेर हो गया है. अंडरवर्ल्ड के 'डी कंपनी' नेटवर्क और डॉन छोटा शकील से जुड़े रहे नसीम पर दिल्ली के हालिया हत्याकांड सहित हत्या, लूट और पुलिस पर हमले जैसे 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे.
ADVERTISEMENT
दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर के रहने वाले नसीम के खिलाफ साल 2016-17 में तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी मिलने और पाकिस्तानी मूल के कनाडाई लेखक-पत्रकार तारेक फतेह को धमकियों व हत्या की साजिश से जुड़े मामलों का भी रिकॉर्ड रहा है.16 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
सिकंदरा बाईपास पर कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे नसीम दुर्रानी की मूवमेंट की सूचना नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस को बुलंदशहर के सिकंदरा बाईपास इलाके में मिली थी. सीसीटीवी फुटेज में वह स्कूटी पर जाता हुआ नजर आया. जब संयुक्त टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो वह पीछे मुड़कर देखते हुए तेज रफ्तार में स्कूटी भगाने लगा. इसी दौरान उसकी स्कूटी फिसलकर गिर गई. आरोप है कि इसके बाद नसीम ने अपने पास मौजूद 32 बोर की दो पिस्टलों से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से दो पिस्टल बरामद होने की बात कही गई है.
16 नवंबर के हत्याकांड से सुर्खियों में आया था नाम
एनकाउंटर में ढेर हुए नसीम दुर्रानी की तलाश हालिया वारदात के बाद और तेज हो गई थी. जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसमें 15 से 20 राउंड फायरिंग की बात सामने आई थी. इस वारदात में नसीम का नाम आने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं.
सोशल मीडिया पर खौफ और लंबा आपराधिक इतिहास
दिल्ली पुलिस के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाकों में सक्रिय रहे नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और पुलिस दल पर हमले समेत 25 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. उसके रिकॉर्ड में गोकुलपुरी थाने के हत्या और पुलिस हिरासत से आरोपी भगाने व पथराव से जुड़े मामले के अलावा खजूरी खास, जाफराबाद और दयालपुर थानों के आर्म्स एक्ट व अन्य मामले शामिल हैं. नसीम अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों में खौफ बनाए रखता था.उसने इंस्टाग्राम प्रोफाइल के बायो में लिखा था:
नाम- बदनाम
पता- तिहाड़ जेल
उम्र- जीने की
काम- मारने का
छोटा शकील, छोटा राजन की सुपारी और तारेक फतेह कनेक्शन
जांच एजेंसियों और पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम दुर्रानी का संबंध अंडरवर्ल्ड के 'डी कंपनी' और छोटा शकील के संपर्क से जुड़ा रहा है. बताया जाता है कि साल 2016-17 के दौरान छोटा शकील ने कथित तौर पर तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन को निशाना बनाने की सुपारी नसीम दुर्रानी को दी थी. इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तारेक फतेह को दी गई धमकियों और हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है.
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में जिस बच्चे की JCB से कुचलकर हुई थी मौत, उस परिवार से मिले CM योगी आदित्यनाथ
ADVERTISEMENT











