Raebareli News: यूपी के रायबरेली में सुबह एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बनकर आई. जगतपुर थाना क्षेत्र के सलोन संपर्क मार्ग पर उस वक्त सनसनी फैल गई. जब सुबह की ताजी हवा लेने निकले एक किसान को मौत ने अपनी आगोश में ले लिया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने किसान को ऐसी टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन समेत रफूचक्कर हो गया.
ADVERTISEMENT
सड़क पर बिछ गई लाश
पूरे विजयी सिंह (मजरे पूरबगांव) के रहने वाले अजय बहादुर सिंह (55) का रोज का नियम था. सोमवार तड़के करीब 4 बजे जब दुनिया सो रही थी. तब वह अपनी सेहत बनाने के लिए घर से निकले थे. जैसे ही वह पंडित पुरवा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक 'यमदूत' (अज्ञात वाहन) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.चश्मदीदों की मानें तो टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय बहादुर को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने सड़क पर ही दम तोड़ दिया.
चीत्कारों से गूंजा घर, मातम में बदली सुबह
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, सन्नाटा पसर गया. घर में कोहराम मच गया. पत्नी दुर्गा सिंह और पुत्र सूर्य प्रकाश के साथ तीनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि जो शख्स चंद मिनट पहले टहलने निकला था. अब वह इस दुनिया में नहीं है. परिजनों की चीत्कारों से पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया है.
पुलिस को तहरीर का इंतजार
सूचना पर पहुंची जगतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों और सुरागों के जरिए उस कातिल गाड़ी की तलाश में जुट गई है जिसने एक घर का चिराग बुझा दिया.फिलहाल, पुलिस को परिजनों की औपचारिक तहरीर का इंतजार है.
ADVERTISEMENT









