Raebareli News: रायबरेली में नूडल्स एजेंट की 'फ्लॉप फिल्म', खुद ही रची लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने चंद घंटों में ही खोल दी पोल

Newzo

• 11:08 AM • 15 Jul 2026

Raebareli Crime News: रायबरेली में नूडल्स एजेंट ने 46 हजार रुपये हड़पने के लिए खुद ही लूट की झूठी कहानी गढ़ दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में पूरा राज खोल दिया. आरोपी को दरियापुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

रायबरेली में नूडल्स एजेंट की 'फ्लॉप फिल्म', खुद ही रची लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने चंद घंटों में ही खोल दी पोल

रायबरेली में नूडल्स एजेंट की 'फ्लॉप फिल्म', खुद ही रची लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने चंद घंटों में ही खोल दी पोल

Google CTA

Raebareli Crime News: कहते हैं कि 'अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता.' ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला रायबरेली में सामने आया है, जहाँ नूडल्स सप्लायर के एक एजेंट ने व्यापारियों से वसूले गए पैसों को डकारने के लिए खुद ही अपनी 'लूट' की झूठी कहानी लिख डाली. शातिर ने पुलिस को चकमा देने के लिए बाइक सवार बदमाशों द्वारा रुपये लूटने का ड्रामा रचा, लेकिन भदोखर पुलिस की पैनी नजरों और कड़ाई के आगे उसकी यह 'फ्लॉप स्क्रिप्ट' चंद घंटों में ही बेनकाब हो गई. पुलिस ने आरोपी एजेंट को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि ​मामला सोमवार शाम का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि निजाम नाम के एक युवक से बाइक सवार बदमाशों ने हजारों रुपये लूट लिए हैं. एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र सहित तीन टीमों का गठन किया और जांच शुरू करवा दी.

​CCTV फुटेज खंगाले तो खुला राज

​पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो कहानी में झोल नजर आया. एएसपी ने बताया कि जांच में ही घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही थी. इसके बाद जब शिकायतकर्ता निजाम से पुलिसिया अंदाज में कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और उसने जो सच उगला, उसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई.

​बिहार भागने की थी तैयारी

आरोपी निजाम मूल रूप से बिहार के थाना जोकीहाट, बगड्डा अरेहिया का रहने वाला है. वह डलमऊ के बलीपुर निवासी नूडल्स सप्लायर ऋषि द्विवेदी के यहाँ एजेंट के तौर पर काम करता था. सोमवार को उसने दुकानदारों से माल सप्लाई के बदले 46,000 रुपये की वसूली की थी.

​जीजा के खाते में भेजे पैसे

​नियत खराब होने पर निजाम ने रुपये मालिक को देने के बजाय हड़पने की योजना बनाई. उसने वसूले गए रुपयों में से 40,000 रुपये तुरंत अपने जीजा के खाते में ट्रांसफर कर दिए. बाकी बचे 6,000 रुपये उसने अपनी जेब में रखे और बिहार भागने की फिराक में लग गया. एएसपी ने बताया कि मंगलवार को भदोखर पुलिस ने आरोपी निजाम को  दरियापुर रेलवे स्टेशन से  गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.