Raebareli News: रायबरेली में मंत्रीजी का सिंघम अवतार, हाईवे पर काफिला रुकवाकर भैंसों से लदी पिकअप दबोची, मचा हड़कंप

Newzo

• 05:45 PM • 13 Jul 2026

Raebareli Cruelty Act: रायबरेली में दुग्ध विकास एवं पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने हाईवे पर भैंसों से लदी पिकअप रुकवाकर कार्रवाई कराई. पशुओं को कथित तौर पर क्षमता से अधिक लादे जाने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया. वाहन कब्जे में लेकर पशु क्रूरता अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई.

रायबरेली में मंत्रीजी का सिंघम,अवतार, हाईवे पर काफिला रुकवाकर भैंसों से लदी पिकअप दबोची, मचा हड़कंप

रायबरेली में मंत्रीजी का सिंघम,अवतार, हाईवे पर काफिला रुकवाकर भैंसों से लदी पिकअप दबोची, मचा हड़कंप

Google CTA

Raebareli News: बछरांवा थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच हाईवे पर सोमवार को दुग्ध विकास एवं पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने पशुओं से लदी एक पिकअप को रुकवाकर कार्रवाई कराई. पिकअप में भैंसों को कथित तौर पर क्षमता से अधिक और अमानवीय तरीके से लादे जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को मौके पर बुलाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे से गुजरते समय राज्यमंत्री की नजर भैंसों से भरी पिकअप पर पड़ी. वाहन में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर लादे जाने की स्थिति देखकर उन्होंने अपने काफिले को रुकवाया और पिकअप को रोकने के निर्देश दिए. वाहन की जांच में कई भैंसें लदी मिलीं, जिन्हें कथित रूप से निर्धारित मानकों का पालन किए बिना ले जाया जा रहा था.

राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने मौके पर पहुंची बछरांवा पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि पशु संरक्षण से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

पुलिस पूछताछ में पिकअप चालक राहुल ने बताया कि वह ताला गांव से भैंसों को लेकर चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास तिराहे के पास जा रहा था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि उक्त क्षेत्र में पशुओं को एकत्र कर अन्य स्थानों पर भेजे जाने का अवैध नेटवर्क सक्रिय हो सकता है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है.

बछरांवा थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि पिकअप वाहन और उसमें लदी भैंसों को कब्जे में ले लिया गया है. आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.