Raebareli News: वैश्विक उतार-चढ़ाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने स्थानीय सराफा बाजार के समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं. लंबे समय से ऊंचे भाव के कारण अपनी खरीदारी टाल रहे आम ग्राहक और निवेशक अब वापस बाजार का रुख करने लगे हैं. दामों में आई इस नरमी से सराफा व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं और बाजार में अचानक चहल-पहल बढ़ गई है.
ADVERTISEMENT
मांग में 20 प्रतिशत तक का इजाफा
स्थानीय सराफा कारोबारियों के अनुसार, कीमतों में आई कमी के बाद बाजार में सोने-चांदी की मांग में करीब 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बाजार के जानकारों का कहना है कि बीते कई महीनों से लोग दुकानों पर सिर्फ भाव पूछकर लौट जाते थे और किसी बड़े फैसले से बच रहे थे. लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है. दाम कम होते ही ग्राहक अब दुकानों पर तुरंत खरीदारी के फैसले ले रहे हैं.
शादियों के लिए एडवांस ऑर्डर शुरू
सराफा कारोबारियों ने बताया कि इस गिरावट का सबसे बड़ा असर आगामी वैवाहिक सीजन पर देखने को मिल रहा है. आगामी नवंबर और दिसंबर महीने में होने वाली शादियों के लिए लोगों ने अभी से ज्वेलरी बनाने के एडवांस ऑर्डर देने शुरू कर दिए हैं. ग्राहकों को डर है कि कहीं आने वाले समय में दाम दोबारा न बढ़ जाएं, इसलिए वे इस गिरावट का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं.
व्यापारियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से बाजार में सन्नाटा था, लेकिन कीमतों में गिरावट आते ही ग्राहकों का भरोसा लौटा है, निवेशक भी इस समय को सोने में निवेश के लिए सबसे मुफीद मान रहे हैं. आने वाले दिनों में बाजार और रफ्तार पकड़ेगा.
ADVERTISEMENT











