Raebareli News: शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में शनिवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना भीषण था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और रसोई में काम कर रही युवती गंभीर रूप से झुलस गई. आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी खुशबू यादव(34 वर्ष) पत्नी अरुण यादव रसोई में दोपहर का खाना तैयार कर रही थीं. इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रसोईघर सहित मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
चीख-पुकार के बीच पहुंचे पड़ोसी
धमाका सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े. मलबे और धुएं के बीच झुलसी तड़प रही खुशबू को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया. आपातकालीन वार्ड के डॉक्टरों के अनुसार, युवती काफी हद तक झुलस चुकी है और उसका उपचार किया जा रहा है.
जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मलबे को हटवाया. शुरुआती जांच में हादसा खाना बनाते समय गैस रिसाव के कारण होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम विस्फोट के सटीक कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है.
ADVERTISEMENT











