Raebareli Gold Silver Rate 10th July 2026: 15 जुलाई को सहालग (शादियों का मुहूर्त) का आखिरी दिन है. शादी वाले घरों में उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, लेकिन इस अंतिम दौर में भी रायबरेली का सराफा बाजार मंदी की मार झेल रहा है. सोने और चांदी की कीमतों में आई रिकॉर्ड तोड़ तेजी ने आम और मध्यम वर्गीय परिवारों के अरमानों पर पानी फेर दिया है. वैवाहिक सीजन के इस आखिरी हफ्ते में जहां बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं होनी चाहिए थी, वहां सराफा दुकानें ग्राहकों का इंतजार कर रही हैं. महंगाई के इस दौर में शादियों की खरीदारी अब रस्म अदायगी तक सिमट कर रह गई है.
ADVERTISEMENT
'सोना' हुआ सपना, हल्के गहनों से चल रहा काम
बाजार के जानकारों का कहना है कि ऊंचे दामों के कारण इस बार शादियों में भारी और पारंपरिक जेवरात की मांग न के बराबर है. लोग सिर्फ शगुन के लिए अंगूठी, बिछिया या हल्के गहने ही खरीद रहे हैं. सराफा कारोबारियों के मुताबिक, जो ग्राहक दुकानों पर आ भी रहे हैं, उनका बजट इतना सीमित है कि वे पुरानी ज्वेलरी को बदलकर ही नए गहने ले रहे हैं. इसके चलते बाजार में नया कैश फ्लो (नगद प्रवाह) बेहद कम है और दुकानों पर सन्नाटे जैसी स्थिति है.
कपड़ा बाजार में आखिरी मिनट की भागदौड़
सराफा बाजार की सुस्ती के उलट, शहर के कपड़ा और रेडीमेड बाजारों में आज अच्छी-खासी रौनक देखी जा रही है. चूंकि शादियों के लिए कपड़े अनिवार्य हैं और इनमें बजट को लेकर थोड़े विकल्प मिल जाते हैं, इसलिए साड़ियों और शेरवानी के शोरूम्स पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है.15 जुलाई के नजदीक आते ही लोग आखिरी मिनट की शॉपिंग निपटाने में जुटे हैं.
ADVERTISEMENT











