Raebareli Gold Silver Rate 9th July 2026 : शादियों का सीजन यानी सहालग अपने अंतिम दौर में है, आगामी 15 जुलाई तक शादियों के तमाम शुभ मुहूर्त हैं और लोग तैयारियों में जुटे हैं. लेकिन इस बार बाजारों की रौनक पर महंगाई का ग्रहण लग गया है. खासकर सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों ने सराफा बाजार की चमक को पूरी तरह फीका कर दिया है. शादियों के इस पीक सीजन में भी शहर के सराफा शोरूम और दुकानें ग्राहकों के लिए तरस रही हैं. बाजार में वह चहल-पहल पूरी तरह नदारद है जो आमतौर पर इन दिनों में दिखाई देती थी.
ADVERTISEMENT
सोने-चांदी के 'तेवर' देख सहमे खरीदार
सराफा व्यापारियों का कहना है कि सोने और चांदी के दाम इस समय अपने रिकॉर्ड स्तर पर हैं. कीमतों में आई इस भारी तेजी के कारण शादी वाले घरों के लोग भी सोने के आभूषणों को हाथ लगाने से कतरा रहे हैं. परंपराओं को निभाने के लिए लोग दुकानों पर पहुंच तो रहे हैं, लेकिन भारी-भरकम जेवरात की जगह सिर्फ बेहद जरूरी और हल्के गहनों की ही खरीदारी कर रहे हैं. हालात यह हैं कि सहालग का समय होने के बावजूद दुकानों पर महज इक्का-दुक्का खरीदार ही नजर आ रहे हैं.
सराफा सुस्त, कपड़ा मार्केट में थोड़ी राहत
जहां एक तरफ महंगे सोने-चांदी ने सराफा बाजार को सुस्ती के मोड़ पर ला खड़ा किया है, वहीं दूसरी तरफ कपड़ा बाजारों में थोड़ी राहत है, शादियों के लिए कपड़ों की अनिवार्य खरीदारी के चलते रेडीमेड और साड़ियों के शोरूम पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है. लोग अपने बजट के अनुसार कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे कपड़ा व्यापारियों को थोड़ी राहत मिली है.
ADVERTISEMENT











