Raebareli Central Bar Election News: जनपद की सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है. एल्डर्स कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए मतदान 25 जुलाई को कराने का निर्णय लिया है. मतगणना 26 जुलाई को होगी, जबकि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 1 अगस्त को आयोजित किया जाएगा. चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही कचहरी परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
एल्डर्स कमेटी के चुनाव प्रभारी डी.पी. पाल ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. इसके तहत 10 जुलाई को शाम चार बजे प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इस पर 13 जुलाई को आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. आपत्तियों के निस्तारण के बाद 14 जुलाई को अपराह्न तीन बजे अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा. प्रत्याशी 16 और 17 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. 18 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी, जबकि 20 जुलाई को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है.
सभी पदों के लिए मतदान 25 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. इसके बाद 26 जुलाई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे. निर्वाचित पदाधिकारियों को 1 अगस्त को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी.
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क तेज कर दिया है. कचहरी परिसर और अधिवक्ता चैंबरों में बैठकों का दौर शुरू हो गया है. चुनाव प्रभारी डी.पी. पाल ने सभी अधिवक्ताओं से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है.
ADVERTISEMENT











