Raebareli News: अगर आपके गांव या गली-मोहल्ले में भी कोई घूम-घूमकर सस्ते में सिम कार्ड बेच रहा है और नेटवर्क न पकड़ने या वेरिफिकेशन फेल होने का बहाना बनाकर आपसे बार-बार मशीन पर अंगूठा लगवा रहा है, तो ठहर जाइए! आपका यही अंगूठा आपको सलाखों के पीछे पहुंचा सकता है. रायबरेली की लालगंज थाना पुलिस ने एक ऐसे ही हाईटेक जालसाज गैंग का पर्दाफाश किया है, जो सीधे-साधे ग्रामीणों के नाम पर चुपके से फर्जी सिम एक्टिवेट कर उन्हें देश भर के साइबर अपराधियों को सप्लाई कर रहा था. पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर अभियुक्तों को भारी मात्रा में अवैध सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया है.
ADVERTISEMENT
मामले की जानकारी देते हुए लालगंज सीओ सुजीत कुमार रॉय ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नीरज सिंह निवासी ग्राम बरवलिया, थाना खीरों और आशीष निवासी ग्राम सुल्तानपुर जाला, थाना लालगंज बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं. यह दोनों युवक गांव-गांव जाकर सिम कार्ड बेचने का काम करते थे. सीओ ने बताया कि ये शातिर अपराधी ग्रामीणों को अपनी बातों में फंसाकर, नेटवर्क की खराबी या थंब न मैच होने का बहाना बनाकर एक से अधिक बार मशीन पर अंगूठा लगवा लेते थे.
इसके बाद वे उस सीधे-साधे ग्रामीण के नाम पर चुपके से कई और सिम कार्ड एक्टिवेट कर लेते थे. ग्राहक को सिर्फ एक सिम दिया जाता था, जबकि बाकी के एक्टिवेटेड सिमों को ये लोग साइबर अपराधियों और ठगों को मात्र 500 से 1000 रुपये के लालच में बेच देते थे, जिसका इस्तेमाल ठगी और अन्य अपराधों में होता था.
डलमऊ ओवरब्रिज के पास पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत, लालगंज पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक इनपुट मिला था. लालगंज सीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने डलमऊ ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया. इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है.
बरामदगी देख पुलिस भी रह गई दंग
जालसाजों के कब्जे से बरामद हुआ सामान देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई. इनके पास से डिजिटल अपराध का पूरा जखीरा बरामद हुआ है. पुलिस ने इनके पास से 404 एक्टिवेटेड सिम कार्ड जो साइबर ठगों को बेचे जाने थे, 2 स्मार्ट मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 2 बैंक कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 सीबीएस पासबुक व नकदी बरामद हुई है.
लालगंज सीओ सुजीत कुमार रॉय की जनता से अपील
सीओ ने जनता से अपील कि है कि सिम खरीदते समय बेहद सतर्क रहें. किसी भी प्राइवेट वेंडिंग एजेंट के कहने पर बार-बार बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा न लगाएं. हमेशा यह सुनिश्चित करें कि आपके अंगूठे का इस्तेमाल सिर्फ एक ही सिम निकालने के लिए हुआ है, अन्यथा आपके नाम पर जारी सिम का इस्तेमाल किसी बड़े देशव्यापी वित्तीय अपराध या आतंकी गतिविधि में हो सकता है.
ADVERTISEMENT











