Raebareli News: जनपद में कल यानी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक करते हुए कड़े निर्देश दिए हैं कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाए. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हर नागरिक का इस मुहिम से जुड़ना जरूरी है.
ADVERTISEMENT
12 जुलाई को रोपे जाएंगे 47 लाख से अधिक पौधे
बैठक में डीएफओ प्रखर मिश्र ने बताया कि शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को कुल 55,37,972 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है. इसके तहत बीते 5 जून (पर्यावरण दिवस) को 8,08,000 पौधे पहले ही लगाए जा चुके हैं. अब आगामी 12 जुलाई को महाअभियान के तहत एक ही दिन में 47,23,800 पौधे रोपने का विशाल लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़ें
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) और नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों (EO) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में आमंत्रित करें. उन्होंने कहा कि जब तक आम जनता इस उत्सव से नहीं जुड़ेगी, तब तक अभियान का उद्देश्य पूरा नहीं होगा.
ADVERTISEMENT











