Raebareli News: सोशल मीडिया पर मशहूर होने और चंद लाइक्स-व्यूज बटोरने की चाहत में युवा अपनी जान दांव पर लगाने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं. ताजा मामला उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से सामने आया है, जहां एक युवक का हाइवे के बीचों-बीच खतरनाक स्टंट करते हुए 'रील' बनाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक की लापरवाही साफ देखी जा सकती है, जो किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती थी.
ADVERTISEMENT
ट्रक की छत पर तांडव, डंडे के सहारे किया डांस
वायरल हो रहा वीडियो बछरावां थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक ने सिर पर पगड़ी बांधी हुई है, चेहरे पर चश्मा लगाया है और हाथ में एक लंबा डंडा थाम रखा है. वह सड़क पर खड़े एक ट्रक की छत पर चढ़कर भोजपुरी गाने पर अजीबोगरीब डांस स्टेप्स कर रहा है. रील में बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बज रहा है और युवक पूरी तरह से रीलबाजी के खुमार में डूबा नजर आ रहा है. वीडियो पर बकायदा कैप्शन में लिखा है—'बछरावां चक्का जाम'.
जान जोखिम में डाल बोनट से नीचे उतरा
युवक सिर्फ ट्रक की छत पर डांस करने तक ही नहीं रुका. वीडियो के अगले हिस्से में वह ट्रक के ऊपरी हिस्से से बेहद खतरनाक तरीके से लटकते हुए नीचे की ओर आता है. बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के वह ट्रक के शीशे और बोनट का सहारा लेकर नीचे उतरता है और फिर सड़क पर आकर भी ठुमके लगाने लगता है। इस दौरान हाइवे पर गाड़ियों की आवाजाही भी हो सकती थी, लेकिन युवक बिना किसी डर के रील बनाने में मशगूल रहा.
पुलिस जांच और कार्रवाई की तैयारी
हाइवे पर इस तरह खुलेआम स्टंटबाजी और रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंट न सिर्फ रील बनाने वाले के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं.
पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और जान जोखिम में डालने वाले ऐसे स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और चालान की प्रक्रिया की जाएगी.
ADVERTISEMENT











