Raebareli News: रायबरेली-लखनऊ रेलमार्ग पर मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. किसी बात से नाराज होकर एक 18 वर्षीय युवती ने मालगाड़ी के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. युवती की अचानक हुई इस मौत की खबर से उसके परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई है और पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
ADVERTISEMENT
होम सिग्नल के पास मालगाड़ी के सामने कूदी युवती
जानकारी के अनुसार, घटना गंगागंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के निकट होम सिग्नल के अंदर की है.मंगलवार शाम के समय रायबरेली की ओर से लखनऊ की तरफ जा रही एक मालगाड़ी के सामने अचानक एक युवती ने छलांग लगा दी. ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण युवती उसकी चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसके शव के चीथड़े उड़ गए.
ग्रामीणों ने की शिनाख्त, पुलिस बल मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार और थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. इस बीच ट्रैक पर हादसे की खबर सुनकर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान गंगागंज-लालपुर खास संपर्क मार्ग से गुजर रहे कुछ राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मृतका के शव को देखकर उसकी पहचान की. मृतका की शिनाख्त प्रिया गोस्वामी (18 वर्ष), पुत्री स्वर्गीय श्यामू गोस्वामी, निवासी मुबारकपुर के रूप में की गई है.
मानसिक रूप से परेशान थी मृतका
इस दुखद हादसे को लेकर मृतका के भाई चंचल गोस्वामी ने बताया कि प्रिया पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पंचनामा शुरू कर दिया है.
ADVERTISEMENT











