Raebareli Weather Today: रायबरेली में उमस का कहर, रूठे मेघों ने बढ़ाई बेचैनी, गर्मी से घरों में कैद होने को मजबूर हुए लोग

Newzo

• 09:30 AM • 15 Jul 2026

Raebareli Rain Alert: रायबरेली में चार दिनों से बारिश नहीं होने से उमसभरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बादल लगातार आ रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे. बढ़ती गर्मी से जनजीवन प्रभावित है, वहीं किसान भी धान की फसल के लिए अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

 रायबरेली में उमस का कहर, रूठे मेघों ने बढ़ाई बेचैनी, गर्मी से घरों में कैद होने को मजबूर हुए लोग

रायबरेली में उमस का कहर, रूठे मेघों ने बढ़ाई बेचैनी, गर्मी से घरों में कैद होने को मजबूर हुए लोग

Google CTA

Raebareli Rain Alert: जनपद में मानसून की बेरुखी के चलते मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है. पिछले चार दिनों से जिले में बारिश न होने के कारण उमसभरी भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है. आसमान में उमड़-घुमड़ रहे बादल बिना बरसे ही आगे निकल जा रहे हैं, जिससे दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है. 

यह भी पढ़ें...

प्रतिदिन लोग टकटकी लगाए बादलों की ओर देखते हैं और बारिश की उम्मीद संजोते हैं, लेकिन हर बार उन्हें मायूसी ही हाथ लग रही है. मौसम विज्ञानियों की मानें तो अगले दो दिनों तक मानसून की रफ्तार सुस्त ही बनी रहेगी, जिससे तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की आशंका है. 

चार दिनों की राहत के बाद बढ़ी मुश्किलें*

​गौरतलब है कि बीते सप्ताह लगातार चार दिनों तक हुई झमाझम बारिश से मौसम बेहद सुहाना हो गया था और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिली थी. उस समय तापमान में आई गिरावट से किसानों के चेहरे भी खिल उठे थे और खेतों में धान की रोपाई के कार्य ने काफी तेजी पकड़ ली थी. अन्नदाताओं को उम्मीद थी कि बारिश का यह क्रम आगे भी बना रहेगा, जिससे धान की रोपाई समय से पूरी हो जाएगी. लेकिन अचानक मौसम के करवट बदलने और बारिश पूरी तरह थमने से अब किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचने लगी हैं. 

​उमस से बेअसर हुए कूलर और पंखे

​तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही वातावरण में नमी का ग्राफ बढ़ने से उमस चरम पर पहुंच गई है. मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस चिपचिपाती गर्मी और उमस के कारण घरों व दफ्तरों में चल रहे कूलर और पंखे भी हवा की जगह केवल गर्म हवा फेंक रहे हैं, जिससे लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है.