Raebareli Sona Chandi Rate Updates: कुछ माह पहले रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे सोना और चांदी के दामों में लगातार गिरावट आने के बावजूद स्थानीय सराफा बाजार में अपेक्षित रौनक नहीं लौट सकी है. कीमतों में आई कमी के बाद भी अधिकांश ग्राहक फिलहाल खरीदारी टाल रहे हैं. सराफा कारोबारियों का कहना है कि लोगों को अभी भी दाम और घटने की उम्मीद है, इसलिए वे फिलहाल 'इंतजार करो और देखो' की रणनीति अपना रहे हैं.
ADVERTISEMENT
जरूरतमंद ही आ रहे आगे, निवेश वाले थमे
सराफा कारोबारियों के अनुसार, इस समय बाजार में केवल वही जरूरतमंद ग्राहक पहुंच रहे हैं, जिनके घरों में बेहद जरूरी मांग है. वहीं, निवेश के उद्देश्य से सोना-चांदी खरीदने वाले और आगामी शादी-विवाह के लिए एडवांस बुकिंग करने वाले लोग अभी बाजार का रुख नहीं कर रहे हैं. ग्राहकों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में कीमतों में और नरमी आती है तो उन्हें कम बजट में बेहतर सौदा मिल सकता है.
बाजार के रुख पर टिकी निगाहें
कारोबारियों ने बताया कि कुछ महीने पहले सोने और चांदी के दामों में आए तेज उछाल के कारण आम मध्यमवर्गीय ग्राहक बाजार से पूरी तरह दूर हो गया था. अब कीमतों में गिरावट जरूर आई है, लेकिन खरीदार अभी भी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुए हैं. अधिकांश ग्राहक पहले बाजार का रुख देख रहे हैं और जल्दबाजी में बड़ी खरीदारी करने से बच रहे हैं.
15 दिन बेहद अहम, त्योहारों से आस
सराफा एसोसिएशन से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि अगले 10 से 15 दिन बाजार की दिशा तय करने के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेंगे. यदि कीमतें एक स्तर पर स्थिर रहती हैं या उनमें हल्की तेजी आती है, तो ग्राहकों का भरोसा लौटेगा और वे बाजार का रुख करेंगे. इसके अलावा, आगामी रक्षाबंधन, तीज और उसके बाद शुरू होने वाले शादियों के सीजन की तैयारियों से सराफा बाजार में एक बार फिर जोरदार रौनक लौटने की उम्मीद जताई जा रही है.
ADVERTISEMENT











