Raebareli Mining Attack News: रायबरेली जनपद में खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे अधिकारियों की जान लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे. मिल एरिया थाना क्षेत्र में खनन अधिकारी (माइनिंग ऑफिसर) की गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT
क्या था मामला?
बीती 7 अप्रैल को खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से ड्यूटी पर थे. अमावां रोड स्थित शारदा नहर पुलिया के पास एक अज्ञात ट्रॉले ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि अधिकारी को हल्की चोटें आईं और उनकी जान बाल-बाल बच गई. वारदात को अंजाम देकर ट्रॉला चालक मौके से फरार होकर अयोध्या की ओर भाग निकला था.
पुलिस की सक्रियता: CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग
घटना के बाद एसपी रवि कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावर की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं. पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की खाक छानी. आखिरकार, 8 अप्रैल को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आकाश कुमार यादव (पुत्र शोभनाथ यादव) को धर दबोचा. आरोपी अयोध्या जनपद के इनायतनगर थाना क्षेत्र के परसपुर सथरा का रहने वाला है.
हत्या के प्रयास की बढ़ी धारा
शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में धारा 281, 125A और 324(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया था. लेकिन विवेचना के दौरान जब यह साफ हुआ कि यह महज हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया हमला था, तो पुलिस ने इसमें BNS की धारा 109 (हत्या का प्रयास) की तरमीम कर दी.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे किसी बड़े खनन माफिया का हाथ तो नहीं था, जिसके निर्देश पर अधिकारी को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी. फिलहाल, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT









