सुल्तानपुर पुलिस टीम के साथ आधी रात जो हुआ वो रोंगटे खड़े कर देगा...दबंगों ने क्या किया?

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में विवाद सुलझाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया और पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ की कोशिश की. हेड कांस्टेबल की तहरीर पर कई नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

यूपी तक

27 May 2026 (अपडेटेड: 27 May 2026, 04:48 PM)

follow google news

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां विवाद सुलझाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया. मामला धनपतगंज थाना क्षेत्र के बरसावा गांव के प्यारी का पुरवा इलाके का है, जहां दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात मोहम्मद आजाद अहमद और जिमरातिन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते बड़े विवाद में बदल गई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करने लगी.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के मौके पर पहुंचते ही विवाद और बढ़ गया. हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुशवाहा की तहरीर के अनुसार, जैसे ही पुलिस टीम स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी, तभी जिमरातिन ने अपने रिश्तेदार कज्जन, मुमताज, फुरकान और इरफान को मौके पर बुला लिया. इसके बाद आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ धक्कामुक्की और मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, पीआरवी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ करने की कोशिश की गई. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शोर सुनकर ग्रामीण भी वहां इकट्ठा हो गए. हालात बेकाबू होते देख आरोपी पुलिस को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद पुलिस ने हेड कांस्टेबल की तहरीर पर लगभग पांच नामजद समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि 24 मई 2026 की रात 8:30 बजे पीआरवी के माध्यम से विवाद की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां आरोपियों द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता, धक्कामुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं यह घटना कानून व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है.

यह भी पढ़ें: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, उन्नाव में डबल डेकर बस पलटने से 7 यात्रियों की मौके पर हुई मौत...