Amethi Attack Case: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के घर पर देर रात हुए कथित हमले से हड़कंप मच गया है. आरोप है कि 15 से 20 की संख्या में पहुंचे कुछ लोगों ने उनके आवास पर गेट तोड़ने की कोशिश की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी. पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां यह घटना देर शाम के बाद हुई.
ADVERTISEMENT
गाड़ियों से पहुंचे थे हमलावर
पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर कई गाड़ियों से पहुंचे थे और उन्होंने पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि उन्होंने गेट तोड़ने की कोशिश की, गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों सहित विधायिका महाराज जी प्रजापति का नाम लेते हुए अभद्र टिप्पणियां कीं. इतना ही नहीं, परिवार का आरोप है कि उन्हें और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई. इस दौरान विरोध करने पर मारपीट और हाथापाई की भी बात सामने आई है. घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावरों ने सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू किया, जिसके बाद मामला बढ़ गया.
सपा कार्यकर्ताओं पर ही लगा आरोप
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोप लगाने वालों के अनुसार, इस हमले में शामिल लोग समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. पीड़ित परिवार की ओर से कई लोगों के नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिनमें जय सिंह यादव, बलराम यादव, शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव और अन्य लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं, घटना के बाद सपा विधायक महाराज जी प्रजापति के समर्थक भी मौके पर जुट गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज तथा शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है.
सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी के बाद बढ़ा. इसी के बाद तनाव इतना बढ़ गया कि मामला कथित तौर पर हिंसक रूप ले बैठा और देर रात घर पर हमला किया गया.
हमले की सूचना मिलते ही मौके पर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई. इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई.
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है.
राजनीतिक एंगल भी आया सामने
गौरतलब है कि गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराज जी प्रजापति वर्तमान में सपा से विधायक हैं, जबकि गायत्री प्रजापति स्वयं जेल में बंद हैं. ऐसे में इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
यह भी पढ़ें: यूपी में निवेशकों के लिए योगी सरकार ने किया ये बड़ा ऐलान, बदलने वाली है प्रदेश की तस्वीर
ADVERTISEMENT









