यूपी में निवेशकों के लिए योगी सरकार ने किया ये बड़ा ऐलान, बदलने वाली है प्रदेश की तस्वीर

UP industrial Corridor: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के तहत भूमि आवंटन पत्र वितरित करते हुए उत्तर प्रदेश को निवेश और उद्योग के लिए सबसे बेहतर राज्य बताया.

यूपी तक

27 May 2026 (अपडेटेड: 27 May 2026, 11:24 AM)

follow google news

Uttar Pradesh Investment: उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के तहत निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र वितरित किए. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर निवेशक का स्वागत है और सरकार उन्हें बेहतर सुविधाएं तथा सुरक्षित कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल, एयर और जलमार्ग जैसी मजबूत कनेक्टिविटी के कारण उत्तर प्रदेश तेजी से निवेश का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है, जिससे आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

यह भी पढ़ें...

मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़े स्तर पर बदलाव हुए हैं. देश की पहली रैपिड रेल, इनलैंड वाटर वे और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क ने उत्तर प्रदेश को औद्योगिक दृष्टि से और अधिक सक्षम बनाया है. प्रदेश लगभग 4 लाख किलोमीटर के सड़क नेटवर्क और करीब 16 हजार किलोमीटर के रेल नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जिससे व्यापार और परिवहन को नई मजबूती मिली है. इसके अलावा राज्य में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं, जबकि छह नए एयरपोर्ट पर तेजी से काम जारी है. मुख्यमंत्री का कहना है कि यह विशाल कनेक्टिविटी नेटवर्क निवेशकों के भरोसे को मजबूत करता है और उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार करता है.

कानून व्यवस्था और रोजगार पर सरकार का फोकस

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त, गुंडा मुक्त और दंगा मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में प्रभावी काम किया है, जिससे निवेशकों को सुरक्षित वातावरण मिला है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है और इसका विस्तार लगातार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण प्रदेश में बड़े उद्योगों की स्थापना का प्रमुख केंद्र बन रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे. सरकार निवेशकों को प्रदेश के विकास का भागीदार मानते हुए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, ताकि उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था और औद्योगिक हब के रूप में स्थापित किया जा सके.

यह भी पढ़ें: 5 महिलाओं की मौत के बाद खुला इस नकली इंजेक्शन का राज! दिल्ली-राजस्थान से लेकर यूपी तक में हुई थी सप्लाई