Amroha Accident: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां अमरोहा देहात के चकछावी गांव में मंदिर परिसर के अंदर चल रहे रामायण पाठ के दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर श्रद्धालुओं के बीच घुस गया. इस दर्दनाक घटना में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल फैल गया.
ADVERTISEMENT
रामायण पाठ के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, चकछावी गांव के मंदिर परिसर में श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ रामायण पाठ में शामिल थे. पूरा माहौल भक्तिमय था और लोग पूजा-अर्चना में लीन थे. इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रहा एक डंपर अनियंत्रित हो गया और सीधे मंदिर परिसर में घुस गया. यह हादसा इतना भयावह था कि लोग संभल भी नहीं पाए और चीख-पुकार मच गई.
तीन श्रद्धालुओं की मौके पर मौत
डंपर की चपेट में आने से परम सिंह, महिपाल और 5 वर्षीय मासूम आर्यन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इसके अलावा चार अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.
मौके पर मची अफरा-तफरी और ग्रामीणों का दर्द
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई. जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे सदमे में हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई दर्दनाक कहानी
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रामायण पाठ चल रहा था और लोग दीप जलाने और पूजा में लगे हुए थे. इसी दौरान डंपर अचानक पीछे से आया और मंदिर परिसर में घुस गया. लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए.
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. जिला अधिकारी नितिन गड और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, डंपर मुरादाबाद की ओर से आ रहा था और चकछावी गांव के पास मंदिर के बाहर पूजा कर रहे लोगों के बीच अनियंत्रित होकर घुस गया. बताया जा रहा है कि डंपर पहले एक पेड़ से टकराया और फिर आगे बढ़ गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच होगी .
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी में निवेशकों के लिए योगी सरकार ने किया ये बड़ा ऐलान, बदलने वाली है प्रदेश की तस्वीर
ADVERTISEMENT









