SSC GD Exam Prayagraj: एक ही परीक्षा केंद्र पर दो दिन में हुए दो बड़े हंगामे, भड़के अभ्यर्थियों ने किया बवाल

SSC GD Exam 2026: प्रयागराज के सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय में SSC GD री-एग्जाम के दौरान सर्वर डाउन होने से भारी हंगामा हो गया. नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ की और प्रयागराज-वाराणसी हाईवे जाम कर दिया. इससे पहले सीट से ज्यादा अभ्यर्थियों के पहुंचने पर भी बवाल हुआ था.

यूपी तक

• 10:38 AM • 27 May 2026

follow google news

SSC GD Exam 2026: प्रयागराज के गंगापार इलाके स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय का आईटेक जॉन पिछले दो दिनों से लगातार चर्चा में बना हुआ है. पहले दिन तय सीटों से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने पर परीक्षा केंद्र पर भारी हंगामा हुआ, वहीं दूसरे दिन SSC GD री-एग्जाम के दौरान तकनीकी खामी ने छात्रों के गुस्से को और भड़का दिया. सर्वर डाउन होने से परीक्षा प्रभावित हुई, जिसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध जताया. पूरा मामला प्रशासन और परीक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

यह भी पढ़ें...

पहले दिन सीटों से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंचे थे 

बताया जा रहा है कि 25 मई को प्रयागराज के इस परीक्षा केंद्र पर तय क्षमता से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंच गए थे. भीषण गर्मी और 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के बीच दूर-दराज से आए छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान नाराज छात्रों का गुस्सा इस कदर फूटा कि परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम, एसी, कूलर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया. पहले दिन हुई अव्यवस्था ने परीक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए थे.

दूसरे दिन SSC GD री-एग्जाम में हुआ सर्वर डाउन

26 मई को इसी केंद्र पर SSC GD री-एग्जाम आयोजित किया गया लेकिन दूसरे दिन भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी. गंगापार क्षेत्र के सराय इनायत-अधवा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय में परीक्षा की पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच निर्धारित थी. करीब 600 नामित अभ्यर्थियों में से लगभग 450 छात्र परीक्षा देने पहुंचे लेकिन परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर सर्वर डाउन हो गया.

सर्वर में तकनीकी दिक्कत आने से अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित हुई और छात्रों में नाराजगी बढ़ गई. गुस्साए छात्रों ने एक बार फिर परीक्षा केंद्र में हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि इस दौरान कंप्यूटर सिस्टम को नुकसान पहुंचाया गया. विद्यालय प्रशासन की ओर से यहां तक दावा किया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने आग लगाने की भी कोशिश की.

हाईवे जाम कर छात्रों ने जताया विरोध

परीक्षा में व्यवधान और तकनीकी गड़बड़ी से नाराज छात्रों ने केंद्र के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ अभ्यर्थियों ने प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी. सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद हालात काबू में आए और हंगामा शांत कराया गया.

SSC अधिकारियों ने संयम बरतने की अपील की

घटना के बाद SSC अधिकारियों की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि परीक्षार्थियों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और तकनीकी दिक्कतों के बावजूद किसी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. अधिकारियों ने छात्रों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जिन परीक्षाओं पर असर पड़ा है, उनकी नई तारीखों की घोषणा की जाएगी और अभ्यर्थियों को नए परीक्षा केंद्र भी आवंटित किए जाएंगे.

केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी समस्याएं कभी-कभी हो सकती हैं, लेकिन यदि किसी अभ्यर्थी के समय में कमी आती है तो उसे पूरा निर्धारित समय दिया जाता है. प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से सहयोग करने की अपील की है.

तोड़फोड़ करने वालों पर हो सकती है कार्रवाई

घटना के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है. विद्यालय प्रशासन की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने की बात सामने आई है. सराय इनायत थाना पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में कई कंप्यूटर और क्लासरूम फर्नीचर को नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

प्रशासन का कहना है कि अगर किसी छात्र की भूमिका हिंसा या नुकसान पहुंचाने में सामने आती है, तो उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. साथ ही तकनीकी टीम को बुलाकर सर्वर फेल होने के कारणों की जांच और परीक्षा कार्यक्रम के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

लगातार दूसरे दिन बवाल से उठे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल

प्रयागराज के इस केंद्र पर लगातार दो दिनों तक हुए हंगामे ने परीक्षा व्यवस्था की तैयारियों और तकनीकी प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहले दिन सीट प्रबंधन की अव्यवस्था और दूसरे दिन सर्वर डाउन होने की घटना ने हजारों अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ा दी. अब सभी की नजर SSC और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए क्या व्यवस्था की जाती है.

यह भी पढ़ें: यूपी में निवेशकों के लिए योगी सरकार ने किया ये बड़ा ऐलान, बदलने वाली है प्रदेश की तस्वीर