Unnao Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जिसमें सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया.
ADVERTISEMENT
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद लगना मानी जा रही है. बस को हरियाणा के भिवानी जिले निवासी दीपक कुमार चला रहे थे. मृतकों में बिहार के सिवान जिले के सब इंस्पेक्टर रवि चरण भी शामिल हैं, जो तीन सिपाहियों और एक कैदी के साथ कोर्ट पेशी के बाद लौट रहे थे. कैदी की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी छत्रसाल सिंह तोमर के रूप में हुई है. हादसे में गोरखपुर, सिवान, बस्ती और गुरुग्राम के कई यात्री भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस ने घायलों की सूची जारी कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है.
हादसे के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, हालांकि पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को हटाकर यातायात को जल्द सामान्य कर दिया. प्रशासन ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले ड्राइवरों की थकान जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े करता है. लगातार बढ़ रही ऐसी दुर्घटनाएं यह संकेत देती हैं कि यातायात नियमों और ड्राइवरों की फिटनेस को लेकर सख्त निगरानी की जरूरत है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही जा रही है.
यह भी पढ़ें: पेपर अपने आप सॉल्व हो जाते हैं...SSC GD लीक परीक्षा को लेकर अंकित सर ने कर दिया ये बड़ा दावा
ADVERTISEMENT









