Auraiya Firing: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां दिव्यापुर थाना क्षेत्र में देर रात अपने घर के बाहर खड़े 29 साल के एक युवक पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में इस जानलेवा हमले की वजह सिर्फ एक बिजली का मीटर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश में तीन टीमों का गठन कर दिया है.
ADVERTISEMENT
घर के बाहर खड़े युवक पर फायरिंग
यह पूरी घटना औरैया के दिव्यापुर थाना क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि शिवम तोमर नाम के युवक को गोली मार दी गई है. घटना के वक्त शिवम अपने घर के बाहर ही खड़ा था. तभी अचानक 4 लोग वहां आए और उनमें से एक ने उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं, जिनमें से एक गोली शिवम के सीने में जा लगी. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे.
घायल ने पुलिस को बताए नाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ शिवम को पास के स्वास्थ्य केंद्र ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिवम ने हमलावरों को पहचान लिया है और पुलिस को उनके नाम भी बता दिए हैं. पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
मीटर विवाद में चली गोलियां
पुलिस की शुरुआती जांच में इस खौफनाक गोलीकांड के पीछे एक बेहद छोटी सी वजह सामने आई है. बताया जा रहा है कि आरोपियों और शिवम के बीच बिजली के मीटर को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था. इसी विवाद की रंजिश में इस जानलेवा हमले को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी दोषियों को पकड़कर मामले का पूरी तरह से खुलासा कर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










