Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां आर्यपुरी मोहल्ले का रहने वाला एक शख्स किन्नर के प्यार में इस कदर पागल हुआ कि उसने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को बेसहारा छोड़ दिया. पीड़ित पत्नी का आरोप है कि पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और घर पर ताला लगाकर किन्नर के साथ फरार हो गया. चार महीने तक पति की राह देखने के बाद आखिरकार महिला ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
दहेज उत्पीड़न और किन्नर से इश्क
शामली जनपद की रहने वाली पीड़िता का निकाह 24 जनवरी 2020 को मुजफ्फरनगर के इस्तखार बेग के साथ हुआ था. इस शादी से उनके तीन बच्चे हुए. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे अतिरिक्त दहेज के लिए अक्सर प्रताड़ित किया जाता था. समय के साथ परिवार में विवाद बढ़ता गया और इसी बीच इस्तखार बेग की नजदीकियां शाहबेग नाम के एक किन्नर से बढ़ गईं. पति इस नई मोहब्बत में इतना अंधा हो गया कि उसने पत्नी और बच्चों की सारी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया.
तीन बार तलाक बोलकर हुआ फरार
पीड़िता के मुताबिक, पति इस्तखार ने सारी हदें पार करते हुए चार महीने पहले उसके मायके वालों के सामने उसे तीन बार तलाक कह दिया. तलाक देने के तुरंत बाद उसने घर के दरवाजे पर ताला जड़ा और किन्नर के साथ वहां से भाग गया. पत्नी चार महीने तक इसी उम्मीद में बैठी रही कि शायद पति का दिल पसीजेगा और वह घर लौट आएगा. लेकिन इस लंबे वक्त में इस्तखार का ना कोई फोन आया, ना कोई मैसेज और ना ही उसने अपने तीनों मासूम बच्चों का कोई हाल-चाल जाना.
एसएसपी दफ्तर पहुंचकर मांगी मदद
चार महीने के लंबे इंतजार के बाद जब पत्नी के सब्र का बांध टूट गया, तो उसने पुलिस की शरण में जाने का फैसला किया. गुरुवार को पीड़िता अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर सीधे मुजफ्फरनगर के एसएसपी कार्यालय पहुंच गई. वहां उसने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा रखी और पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत दर्ज कर ली है और इस अजब-गजब मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT










