Kanpur News: कानपुर के साड़ थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा महिला ने रात के अंधेरे में अपने प्रेमी को मिलने बुलाया. पति ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद पति और उसके परिवार ने प्रेमी को करीब 30 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा. इस घटना की खबर जब पुलिस को मिली तो प्रेमी को छुड़ाने पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
जंगल में मिलने बुलाया था प्रेमी
सुनीता नाम की महिला की शादी इंद्रेश से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं. पिछले करीब एक साल से सुनीता का फतेहपुर निवासी अरुण के साथ अफेयर चल रहा था. रविवार रात सुनीता ने अरुण को गांव के बाहर जंगल में मिलने के लिए बुलाया. अरुण भी उससे मिलने तुरंत कानपुर पहुंच गया. लेकिन सुनीता के पति इंद्रेश को अपनी पत्नी पर पहले से शक था. जैसे ही सुनीता घर से बाहर निकली, इंद्रेश अपने परिवार के साथ उसके पीछे जंगल पहुंच गया और अरुण को दबोच लिया.
30 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा
अरुण को पकड़ने के बाद पति और उसके घरवालों ने उसकी जमकर पिटाई की है. इसके बाद वे अरुण को छांजा स्थित अपने घर ले गए, जहां उसके हाथ बांधकर उसे करीब 30 घंटे तक कमरे में कैद रखा गया. प्रेमी को पकड़ा जाता देख सुनीता किसी तरह वहां से भाग निकली. उसने तुरंत अरुण के पिता को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद अरुण के पिता सुनीता को साथ लेकर सीधे साड़ थाने पहुंचे और पुलिस से अपने बेटे को बचाने की गुहार लगाई.
पुलिस टीम पर हुआ जानलेवा हमला
शिकायत मिलने के बाद दरोगा आशीष सिंह पुलिस टीम के साथ अरुण को छुड़ाने गांव पहुंचे. लेकिन वहां पहुंचते ही सुनीता के पति और परिवार वालों ने पुलिस का कड़ा विरोध शुरू कर दिया. उन्होंने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, यहां तक कि दरोगा के बिल्ले भी नोच दिए. बवाल बढ़ने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया, जिसके बाद पुलिस ने अरुण को सुरक्षित छुड़ाया. एसीपी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में पुलिस पर हमले और प्रेमी को बंधक बनाने की दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










