कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की साजिश रचने वाली बहू शालू उस रात क्या कर रही थी? सामने आई हैरान करने वाली वीडियो

यूपी तक

• 02:16 PM • 10 Sep 2026

Kanpur Vinit Minocha Murder Case: कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हत्या के वक्त बहू शालू पति के साथ लाउंज में पार्टी और डांस कर रही थी.

Google CTA

Kanpur Vinit Minocha Murder Case: कानपुर के मशहूर दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि जिस वक्त रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में 63 साल के विनीत मिनोचा की चाकू गोदकर हत्या की जा रही थी, ठीक उसी समय इस हत्या की मास्टरमाइंड मानी जा रही उनकी बहू शालू, एक लाउंज में पार्टी कर रही थी. वीडियो में शालू अपने पति सुब्रत के साथ 'तुम तो धोखेबाज हो' गाने पर बेफिक्री से नाचती हुई नजर आईं. उसके चेहरे पर किसी तरह की कोई घबराहट या तनाव नहीं था.

यह भी देखें...

पार्टी में सबसे पहले पहुंचे शालू और सुब्रत

पुलिस की जांच और लाउंज मैनेजर सौरभ त्रिपाठी के मुताबिक, 5 सितंबर की रात शालू और उसका पति सुब्रत सबसे पहले पार्टी में पहुंचे थे. उन्होंने रात करीब 10:30 बजे एंट्री ली थी, जबकि बाकी मेहमान 11 बजे के आसपास आने शुरू हुए थे. इस पार्टी में करीब 30 से 35 लोग मौजूद थे. मैनेजर ने बताया कि दोनों ने आराम से खाना ऑर्डर किया, पार्टी में शामिल हुए और जमकर डांस भी किया.

देर रात तक बजते रहे गाने

लाउंज मैनेजर के मुताबिक, उनके यहां पार्टी रात 2 से 2:30 बजे तक खत्म हो जाती है. लेकिन उस रात शालू और पार्टी में मौजूद अन्य मेहमानों की रिक्वेस्ट पर डीजे ने करीब 3:00 बजे तक गाने बजाए. डीजे दीपक ने बताया कि शालू लगातार आखिरी गाने की रिक्वेस्ट कर रही थी. मैनेजर और डीजे, दोनों का कहना है कि शालू के हाव-भाव देखकर बिल्कुल नहीं लग रहा था कि वह किसी तनाव में है. जब उन्हें इस हत्याकांड के बारे में पता चला, तो वे भी हैरान रह गए.

हत्यारों को फोन पर किया गाइड

पुलिस जांच के मुताबिक, शालू पूरी प्लानिंग करके घर से पार्टी के लिए निकली थी. आरोप है कि वह पार्टी के दौरान भी हत्यारों को फोन पर लगातार गाइड कर रही थी. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नौकरों ने शालू को फोन कर काम पूरा होने की जानकारी दी. इसके बाद रात 3 बजे के करीब शालू, पति और बेटे के साथ घर लौटी और फिर जोर-जोर से रोने-चिल्लाने का नाटक किया.

नौकरों को दी 6 लाख की सुपारी

आपको बता दें कि 5 सितंबर को विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट में 26 से ज्यादा बार चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुराने नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में हत्यारों ने कबूला कि बहू शालू ने ससुर की बंदिशों और कम पैसों से परेशान होकर यह साजिश रची थी. उसने हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें 2 लाख रुपये एडवांस और बाकी 4 लाख रुपये 15 दिन बाद देने तय हुए थे.