बांदा में 50 साल की महिला के प्यार में पड़ा बरकत, फिर प्रेमिका के बेटों ने ही कर दिया खौफनाक कांड

यूपी तक

• 01:22 PM • 09 Sep 2026

बांदा में प्रेम-प्रसंग के चलते 35 वर्षीय युवक बरकत की हत्या कर शव और बाइक बागेन नदी में फेंक दी गई. पुलिस ने 48 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए महिला के दो बेटों और चचेरे भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां 50 साल की महिला और 35 साल के युवक के बीच जारी प्रेम-प्रसंग का अंत खूनी वारदात के साथ हुआ. महिला के बेटों ने अपनी मां के प्रेमी की हत्या कर उसके शव और मोटरसाइकिल को नदी में फेंक दिया. 5 सितंबर की सुबह बागेन नदी से शव बरामद होने के बाद जब पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की तो 48 घंटे के भीतर इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हो गया. पुलिस ने महिला के बेटों और चचेरे भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह भी देखें...

बागेन नदी से मिली लाश और पुलिस की जांच

कहानी की शुरुआत 5 सितंबर की सुबह होती है जब बांदा के नरैनी थाना क्षेत्र स्थित बरछा गांव के पास बागेन नदी में एक युवक की लाश तैरती मिली. मृतक की पहचान नहरी गांव के रहने वाले 35 वर्षीय बरकत के रूप में हुई. शरीर पर चोट के गंभीर निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस, फॉरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की तीन टीमों का गठन किया गया.

2 साल का प्रेम-प्रसंग और परिवार की नाराजगी

पुलिस जांच में सामने आया कि बरकत का अपने ही क्षेत्र की करीब 50 साल की एक शादीशुदा महिला के साथ पिछले 2 सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. महिला तीन बच्चों की मां है. जब महिला के बेटों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने पहले अपनी मां को बरकत से दूर रहने की हिदायत दी. इसके बाद बेटों ने बरकत को भी समझाने की कोशिश की. लेकिन जब दोनों नहीं माने, तो महिला के बेटों ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर बरकत को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

जन्माष्टमी की रात ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, जन्माष्टमी की रात बरकत महिला से कुछ रुपये लेने और मोबाइल सिम से जुड़ी बात करने के लिए गांव आया था. इसी बात का फायदा उठाकर महिला के बेटों और चचेरे भाई ने बरकत पर हमला कर दिया और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी.

सबूत मिटाने के लिए नदी में फेंकी लाश और बाइक

हत्याकांड को हादसा दिखाने और सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने खौफनाक तरीका अपनाया. वे बरकत के शव और उसकी मोटरसाइकिल को करीब 20 किलोमीटर दूर ले गए. इसके बाद बागेन नदी के पुल से शव, बाइक और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को नीचे नदी में फेंक दिया.

48 घंटे में पुलिस का खुलासा, तीनों आरोपी जेल में

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नदी से शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फॉरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस की जांच महिला के परिवार तक जा पहुंची. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी रामबाबू, रमेश और अरुण (चचेरा भाई) को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.