'मैं भगवान को अकेले छोड़कर नहीं जा सकता...', चित्रकूट में बड़ा मठ मंदिर के पुजारी ने बाढ़ के बीच मंदिर छोड़ने से किया मना

यूपी तक

• 01:30 PM • 02 Sep 2026

Chitrakoot News: चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है. इसी बीच बड़ा मठ मंदिर में पुजारी ने भगवान की मूर्तियों को छोड़कर बाहर जाने से इनकार कर दिया है.

Google CTA

Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. चारों तरफ बाढ़ का पानी भर गया है. इसी बीच रामघाट के बड़ा मठ मंदिर से आस्था की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है. बड़ा मठ मंदिर के चारों तरफ बाढ़ का पानी भर गया. मंदिर की इमारत पुरानी है, तो ऐसे में किसी भी अनहोनी होने से पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद मंदिर खाली करवाने मौके पर पहुंचे. लेकिन, वहां मौजूद पुजारी ने भगवान को छोड़कर बाहर आने से मना कर दिया है. पुजारी की इस अटूट आस्था को देखकर हर कोई हैरान रह गया है.

यह भी देखें...

खतरे के निशान के करीब मंदाकिनी नदी

चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. रामघाट के आसपास मौजूद मठ, मंदिर, दुकानें और घर बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. खतरे को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के अभियान में जुटा हुआ है.

मंदिर खाली कराने पहुंचे थे डीएम-एसपी

इसी अभियान के तहत, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह खुद रामघाट के बड़ा मठ मंदिर में पहुंचे थे. उनका मकसद मंदिर में मौजूद लोगों को वहां से सुरक्षित बाहर निकालना था. लेकिन, वहां पूजा कर रहे पुजारी ने मंदिर से बाहर आने से साफ मना कर दिया.

डीएम ने कहा- 'कौन जवाब देगा?'

डीएम और एसपी बार-बार पुजारी से हाथ जोड़कर बाहर चलने की अपील करते रहे. वीडियो में डीएम कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, 'मेरी बात समझिए, अगर बिल्डिंग गिर जाती है या पानी में कोई समस्या होती है तो कौन जवाब देगा? हम सब लोगों के लिए जिम्मेदार हैं.' इसके बाद भी पुजारी अपनी बात पर अड़े रहे.

पुजारी बोले- 'भगवान को नहीं छोड़ सकता'

अधिकारियों की गुजारिश पर पुजारी ने जो जवाब दिया, उसने सबको अंदर तक झकझोर दिया. पुजारी ने कहा, 'हम मंदिर छोड़कर कहां चले जाएंगे? मैं मूर्तियां छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा. बाकी लोग जा सकते हैं, लेकिन मैं भगवान को अकेले छोड़कर नहीं जा सकता.' पुजारी का यह जवाब उस आस्था को दिखाता है, जहां इंसान को अपनी जान से ज्यादा भगवान पर भरोसा होता है.

बाकी लोगों को निकाला गया बाहर

प्रशासन ने पुजारी को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हिले. आखिर में अधिकारियों को मंदिर में मौजूद अन्य लोगों को बाहर निकालकर वापस लौटना पड़ा. फिलहाल एनडीआरएफ की टीमें नाव के जरिए बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल रही हैं और लाउडस्पीकर से लोगों को अलर्ट किया जा रहा है.