उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या से पूरे पश्चिमी यूपी में हड़कंप मच गया है. इस सनसनीखेज वारदात ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब इस पूरे हत्याकांड का एक 1 मिनट 6 सेकंड का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चार बेखौफ बदमाश दिनदहाड़े अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होते दिखाई दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT
जिम से निकलते ही स्कॉर्पियो के पास घेरा, सेकेंडों में दागी कई गोलियां
घटना शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी आर्यपुरी इलाके की है. जिम संचालक के मुताबिक, अंकित बालियान 26 अगस्त की शाम करीब 4 बजे जिम पहुंचे थे. शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच जब वे एक्सरसाइज खत्म कर बाहर निकले और महज 20 मीटर दूर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी की तरफ बढ़े, तभी पहले से घात लगाकर बैठे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बिना नकाब पहने पहुंचे चारों बदमाशों ने बिना किसी देरी के अंकित पर एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं. गोलियां लगते ही अंकित वहीं जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से भाग निकले. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का गुस्सा और पुलिस पर उठते सवाल
अंकित बालियान की हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया. सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आई जब अंकित की मां अपने बेटे के शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं. रोती हुई मां ने प्रशासन से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है.
वहीं अंकित के पिता ने स्थानीय पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा 'जहां यह मर्डर हुआ, वहां से महज 500 गज की दूरी पर कोतवाली है और वहां हर वक्त 3 से 4 पुलिसवाले तैनात रहते थे. लेकिन उस दिन वहां एक भी पुलिसवाला नहीं था. दूसरे राज्य के लोग आकर दिनदहाड़े मर्डर कर रहे हैं. सरकार और पुलिस बस बातें कर रही है, असल में कोई सुरक्षा नहीं है.'
गोगी गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
हत्याकांड में सनसनीखेज मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर कुख्यात 'गोगी गैंग' से जुड़े एक कथित अकाउंट से इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई. पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित उनके विरोधियों के संपर्क में था और उसने गोगी से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था. इस पोस्ट में आगे भी वारदात अंजाम देने की धमकी दी गई है जिससे इलाके में गैंगवॉर की आशंका गहरा गई है.
पुलिस खंगाल रही सुराग
सामने आया 1 मिनट 6 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज अब पुलिस के लिए सबसे अहम सबूत बन गया है. इसमें हमलावरों के चेहरे, उनकी गतिविधियां और भागने का तरीका साफ नजर आ रहा है.
पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी हैं. तकनीकी जांच और आसपास के कैमरों की मदद से उनके आने-जाने का रूट ट्रेस किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को हरियाणा में संदिग्धों की लोकेशन के अहम सुराग मिले हैं जिसके आधार पर शामली पुलिस की टीम हरियाणा में छापेमारी कर रही है.
ADVERTISEMENT










