उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के पॉश इलाके गोलाघाट में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक संतोष पांडे के बॉडीगार्ड को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घायल बॉडीगार्ड ककू मिश्रा उर्फ अवधेश मिश्रा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां पूर्व विधायक और पुलिस टीम भी पहुंची. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर किन परिस्थितियों में लाइसेंसी असलहे से गोली चली.
ADVERTISEMENT
सीढ़ियों से गिरकर लाइसेंसी बंदूक से हुआ 'एक्सीडेंटल फायर'
घटना उस वक्त की है जब पूर्व सपा विधायक संतोष पांडे रक्षाबंधन के मौके पर गोलाघाट स्थित अपनी बुआ के घर पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे. उनके साथ बॉडीगार्ड ककू मिश्रा भी मौजूद थे.
बताया जा रहा है कि सीढ़ियों से उतरते वक्त बॉडीगार्ड ककू मिश्रा का 12 बोर का लाइसेंसी रिपीटर असलहा अचानक हाथ से छूटकर गिर गया. फर्श पर गिरते ही बंदूक से फायर हो गया और गोली फर्श से टकराकर सीधे उनके दाहिने पैर के पंजे में जा लगी. तेज आवाज सुनते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया.
घटना के बाद घायल बॉडीगार्ड को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया.पूर्व विधायक संतोष पांडे ने सोशल मीडिया पर ककू मिश्रा के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा 'कल देर रात गोलाघाट सुल्तानपुर स्थित बुआ जी के आवास पर पारिवारिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के दौरान अनुज अवधेश मिश्रा 'कक्कू' बंदूक लेकर सीढ़ियों से उतरते समय दुर्घटनावश फिसल गए जिससे उनके दाहिने पैर की उंगलियों में चोट आ गई. उनका उपचार मेदांता अस्पताल लखनऊ में चल रहा है और वे अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं.'
हर पहलू से की जा रही है जांच
जहां पूर्व विधायक इसे महज एक फिसलने की घटना बता रहे हैं. वहीं पुलिस ने एक्सीडेंटल फायरिंग से गोली लगने की बात स्वीकार की है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन ने बताया '27 अगस्त को थाना कोतवाली नगर के गोलाघाट क्षेत्र से एक व्यक्ति को एक्सीडेंटल फायर में गोली लगने की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि ककू मिश्रा का 12 बोर लाइसेंसी असलहा गिरने की वजह से फर्श से टकराकर गोली उनके पैर में लगी. उन्हें जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है. पूरे प्रकरण की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है.'
सुर्खियों में रहने वाले सपा नेता हैं संतोष पांडे
गौरतलब है कि सुल्तानपुर और अवध क्षेत्र में संतोष पांडे समाजवादी पार्टी के बड़े ब्राह्मण चेहरों में गिने जाते हैं. करीब एक साल पहले चर्चित सुनील यादव हत्याकांड में भी पूर्व विधायक संतोष पांडे पर गंभीर आरोप लगे थे. सुनील यादव की पत्नी की तहरीर पर संतोष पांडे समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या और धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई थी जिसके बाद यह मुद्दा काफी समय तक सोशल मीडिया और राजनीति में छाया रहा था.
ADVERTISEMENT










