उत्तर प्रदेश के शामली जिले में दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर मारे गए हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान का गुरुवार को उनके पैतृक गांव बंटीखेड़ा में अंतिम संस्कार कर दिया गया. मूसलाधार बारिश और रास्तों में भरे कीचड़ के बावजूद अपने चहेते कलाकार और साथी को अंतिम विदाई देने के लिए गांव का श्मशान घाट लोगों की भारी भीड़ से पट गया. युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई भीगते हुए अंकित के अंतिम दर्शनों के लिए डटा रहा.
ADVERTISEMENT
बारिश और कीचड़ के बीच उमड़ा जनसैलाब
अंकित बालियान की अंतिम यात्रा और श्मशान घाट पर गांव के लोगों का अपार प्यार और गम देखने को मिला. तेज बारिश और श्मशान के आसपास खेतों-रास्तों में फैले कीचड़ के बावजूद पूरा गांव अंकित की अंतिम विदाई में शामिल हुआ. श्मशान घाट के छोटे से हिस्से को चारों तरफ से ग्रामीणों ने घेर रखा था. हवा न चलने और भारी भीड़ के कारण लोग अंकित के शव के आसपास जगह बनाने और हाथ से पंखा (हवा) झलते नजर आए ताकि अंतिम रस्में पूरी की जा सकें.
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पहुंचे नेता
अंकित बालियान की अंतिम विदाई में क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी भी दर्ज की गई. पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता डॉ. संजीव बालियान, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के स्थानीय विधायक और समाजवादी पार्टी (सपा) के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता बंटीखेड़ा गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया.
बचपन के दोस्तों में गुस्सा और गम
अंकित के अंतिम संस्कार के दौरान जहां एक तरफ हर आंख नम थी. वहीं दूसरी तरफ दोस्तों और स्थानीय युवाओं में खूनी वारदात को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला. अंकित के साथ कक्षा 6 से पढ़ाई करने वाले उनके करीबी दोस्त सचिन काद्यान ने कहा 'यह घटना बेहद दर्दनाक है.मन बहुत भारी है. जिन्होंने भी यह वारदात की है, पुलिस को उनका तुरंत एनकाउंटर कर देना चाहिए.'
खौफनाक वारदात के बाद पसरा सन्नाटा
शामली के जिम के बाहर 15 से 20 राउंड गोलियां बरसाकर की गई इस हत्या के बाद पूरे बंटीखेड़ा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होने के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह मौन और गमगीन रहा जहां हर कोई कातिलों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहा है.
ADVERTISEMENT










