दोस्त की प्रेमिका का कराया था रिश्ता...मेरठ में राहुल ने दोस्त सरवर को दी खौफनाक मौत, वजह आई सामने

यूपी तक

• 04:04 PM • 27 Aug 2026

मेरठ में दोस्ती और प्यार में धोखे के कारण एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल और दूसरे साथियों को गिरफ्तार किया है. हत्या का कारण पुरानी रंजिश और शादी से जुड़ा विवाद बताया गया. मामले की जांच जारी है।.

Google CTA

 उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में हुए चर्चित सरवर हत्याकांड का पुलिस और स्वाट टीम देहात ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, सरवर की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही दोस्त राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी. हत्या की वजह प्रेम प्रसंग में उपजी रंजिश बनी. राहुल की प्रेमिका की शादी सरवर ने अपने गांव के ही एक अन्य युवक से करा दी थी. इसी बात से खुन्नस खाए राहुल ने सरवर को होटल में ले जाकर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बेडशीट में लपेटकर नहर में फेंक दिया.

यह भी देखें...

16 अगस्त से लापता था सरवर, 23 को हापुड़ में मिली लाश

हस्तिनापुर के बस्तौरा नारंग गांव निवासी सरवर 16 अगस्त को अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक से निकला था. लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा. परिजनों की तलाश के बीच 23 अगस्त को हापुड़ के नानपुर क्षेत्र स्थित एक रजवाहे से गोली लगा हुआ एक अज्ञात शव बरामद हुआ. शव की शिनाख्त सरवर के रूप में होते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के भाई रुस्तम की तहरीर के आधार पर हस्तिनापुर थाने में नामजद आरोपी राहुल और नज़ाकत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

होटल के कमरे में मारी गोली

पुलिस पूछताछ में परत-दर-परत पूरी वारदात का सच सामने आ गया. राहुल जानता था कि सरवर उसकी प्रेमिका के साथ उसके संबंधों के बारे में सब कुछ जानता था और उसने युवती की शादी दूसरी जगह करा दी थी. इसी रंजिश में 16 अगस्त को राहुल सरवर को झांसा देकर गढ़ चौपला (स्याना चौराहा) स्थित रॉबिन के होटल में ले गया.

होटल के कमरे में मौका मिलते ही राहुल ने सरवर को गोली मार दी. इसके बाद उसने शव को होटल की ही बेडशीट में कसकर बांधा और मध्य गंग नहर में बहा दिया. जांच में खुलासा हुआ कि होटल मालिक रोबिन और मैनेजर ओमेन्द्र को हत्या की पूरी जानकारी थी. पुलिस को सूचना देने के बजाय उन्होंने कमरे में फैला खून साफ करवाया और सबूत मिटाने का प्रयास किया.

तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी राहुल को दबोच लिया. राहुल की निशानदेही पर हत्या में शामिल होटल मालिक रोबिन (निवासी झड़ीना, गढ़मुक्तेश्वर) और मैनेजर ओमेन्द्र (निवासी लोधीपुर झपका, गढ़मुक्तेश्वर) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

मुख्य आरोपी से घटना में इस्तेमाल .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, सैमसंग मोबाइल फोन, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और बेडशीट से मिलता-जुलता तकिये का कवर बरामद किया गया है.पुलिस के अनुसार राहुल का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. तीनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है.जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी नज़ाकत फिलहाल फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.