Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां पुलिस जिस शातिर चोर को कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद जेल ले जा रही थी, वह बीच रास्ते में ही सिपाहियों को चकमा देकर फरार हो गया. अब पुलिस उसी चोर को दोबारा पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है.
ADVERTISEMENT
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
सुल्तानपुर के धनपतगंज थाना क्षेत्र की पुलिस गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले दो आरोपी बेनीपुर अंडरपास के पास खड़े हैं. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करके मोहम्मद वसी और सत्यम चौबे नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से 24 अगस्त को चोरी हुई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई.
जेल ले जाते समय हुआ फरार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस के दो सिपाही दोनों को बाइक से जिला जेल ले जा रहे थे. जेल का गेट बस आने ही वाला था कि तभी मौका देखकर 20 साल का आरोपी मोहम्मद वसी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. पुलिस वाले उसे पकड़ने के बजाय बस पीछे से देखते रह गए.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की कस्टडी से आरोपी के इस तरह भागने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. अब फरार आरोपी मोहम्मद वसी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं. अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश और छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और उसे जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










