हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पिता ने रो-रोकर कही ये बात

यूपी तक

• 03:47 PM • 28 Aug 2026

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पिता ने पुलिस-प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है. हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री और यूट्यूब पर अपनी पहचान बना चुके युवा सिंगर अंकित बालियान की बेदर्दी से हुई हत्या के बाद पूरा गांव गमगीन है. अंतिम संस्कार के बाद यूपी तक की टीम ने अंकित के घर पहुंचकर उनके पिता से खास बातचीत की. अपने बेटे को खो चुके बेबस पिता के मन में दुख के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन की लापरवाही को लेकर गहरा गुस्सा भी है. पिता ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे छठे दिन अपनी एफआईआर वापस ले लेंगे.

यह भी देखें...

अंकित के पिता ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जहां दिनदहाड़े उनके बेटे की हत्या की गई, वहां से कोतवाली महज 500 गज की दूरी पर है.उन्होंने बताया 'जिस जगह वारदात हुई, वहां हर समय तीन पुलिस वाले तैनात रहते थे.एक मार्केट की तरफ और एक दुकान के पास.लेकिन जिस दिन मेरे बेटे का मर्डर हुआ वहां एक भी सिपाही मौजूद नहीं था. दूसरे राज्य के अपराधी आकर दिनदहाड़े हत्या करके चले गए. जब सरकार कहती है कि अपराधी अगले चौराहे से नहीं बचेगा, तो यहां तो बदमाश 20 चौराहे पार करके भाग गए.'

"लखनऊ में बोलने से कुछ नहीं होता, शामली में करके दिखाएं योगी जी"

अंकित के पिता ने सूबे के मुख्यमंत्री और पुलिस-प्रशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा 'हम तो यही चाहते हैं कि जैसे मेरा बेटा मारा गया, वैसे ही अपराधियों का भी हिसाब किया जाए. योगी जी जो लखनऊ में बैठकर बोलते हैं कि मैं ऐसे करूंगा-वैसे करूंगा, हमें यहां शामली में करके दिखाएं. एसपी और डीएम मिलने आए थे. एसपी ने 4 दिन का वक्त मांगा है. हम उन्हें 5 दिन का टाइम देते हैं. अगर 5 दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो छठे दिन हम अपनी एफआईआर वापस ले लेंगे. फिर न हम पुलिस से कुछ कहेंगे और न किसी और से। जो हमारे बस का होगा करेंगे, नहीं होगा तो घर बैठ जाएंगे.'

फौज में जाना चाहता था अंकित

अंकित के संघर्ष और शुरुआती जीवन को याद करते हुए उनके पिता भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि अंकित पढ़ाई-लिखाई में काफी अच्छा था और उसने एम.ए. (MA) की डिग्री हासिल की थी. उसका शुरुआती सपना भारतीय सेना (फौज) में जाने का था और वह एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी भी था. लेकिन कबड्डी खेलते समय उसकी रीढ़ की हड्डी (डिस्क) में फैक्चर आ गया. दिल्ली के अस्पताल में ऑपरेशन असफल होने के बाद उसका फौज में जाने का सपना टूट गया. इसके बाद उसने पेट्स पालने और व्यापार का काम शुरू किया और फिर म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा. उसके म्यूजिक वीडियो ज्यादातर सोनीपत में शूट होते थे.

गोगी गैंग के दावे पर बोले पिता

सोशल मीडिया पर 'गोगी गैंग' द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने और वायरल पोस्ट को लेकर जब उनके पिता से पूछा गया तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया. पिता ने कहा कि अंकित का किसी क्रिमिनल या किसी गैंग से कोई लेना-देना नहीं था और न ही उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश थी. यह सब सिर्फ जांच को भटकाने की बकवासबाजी है.

विधायकों के दौरों और आश्वासन पर उठते सवाल

अंकित की हत्या के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ट्वीट और रालोद विधायक के बंतीखेड़ा गांव पहुंचने पर पिता ने कहा कि नेताओं के कहने से कुछ नहीं होता, फर्ज तो पुलिस का है. फिलहाल एसपी और डीएम ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है और पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही हैं. लेकिन अंकित के परिवार और पूरे बंतीखेड़ा गांव की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं.