Bareilly Murder: उत्तर प्रदेश के बरेली में रक्षाबंधन की रात एक खौफनाक वारदात हुई है. सुभाष नगर क्षेत्र के मणिनाथ इलाके में भारतीय जनता पार्टी के नेता सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. त्यौहार की खुशियों के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें बना दी हैं.
ADVERTISEMENT
घर के बाहर चाकुओं से हमला
रक्षाबंधन की रात 35 वर्षीय सचिन कश्यप परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर अचानक चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके सीने पर कई वार किए. सचिन की चीख सुनकर परिवार और आसपास के लोग बाहर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो चुके थे.
अस्पताल में सचिन को मृत बताया
गंभीर रूप से घायल सचिन को परिजन तुरंत पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं. मृतक सचिन भाजपा ओबीसी मोर्चा में मणिनाथ मंडल के उपाध्यक्ष थे और उनकी पहचान एक सक्रिय नेता के रूप में थी.
पैसों के लेनदेन का था विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला किसी राजनीतिक दुश्मनी का नहीं बल्कि पैसों के विवाद का मामला है. पुलिस ने बताया कि सचिन का अपने ही मोहल्ले के एक लड़के बाबू के साथ उठना-बैठना था. दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा चल रहा था. इसी विवाद के कारण बाबू ने सचिन के सीने पर चाकू से वार किया था.
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सुभाष नगर नितिन कुमार फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सबूत जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. इस मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और चार लोगों को नामजद किया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है.
ADVERTISEMENT










