अंकित बलियान के पिता से अखिलेश यादव ने फोन पर की बात, तो उन्होंने कह दी ये बड़ी बात

यूपी तक

• 11:57 AM • 29 Aug 2026

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान की हत्या का मामला अब सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है. जिम से लौटते समय अंकित की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में गुस्सा है और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है.

Google CTA

Akhilesh Yadav Talk to Ankit Balyan Father: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान की हत्या का मामला अब सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है. जिम से लौटते समय अंकित की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में गुस्सा है और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंकित के पिता सतवीर सिंह से फोन पर बातचीत कर परिवार को इंसाफ का भरोसा दिया. इस बातचीत में अंकित के पिता ने भी अखिलेश से कहा 'हम भी आपके साथ हैं.' वहीं, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 8 टीमें लगाकर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

यह भी देखें...

अखिलेश से बात में पिता ने क्या कहा?

अंकित के पिता सतवीर सिंह से फोन पर बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही. इसके जवाब में सतवीर सिंह ने कहा 'हम भी आपके साथ हैं.' बातचीत के दौरान अखिलेश ने अंकित की तारीफ की और उनके पिता से पूछा कि वह आगे क्या करना चाहते हैं. इस पर सतवीर सिंह ने कहा कि वह आरोपियों का एनकाउंटर चाहते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस को चार दिन का अल्टीमेटम दिया गया है. इसके बाद अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इंसाफ की इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और इस मामले को हर स्तर पर उठाया जाएगा.

 सोशल मीडिया पोस्ट में सरकार पर निशाना

फोन पर बातचीत के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी की. उन्होंने बताया कि अंकित के पिता से बात करके उन्हें भरोसा दिया गया है कि इंसाफ की लड़ाई में सपा परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी. अखिलेश ने लिखा, "रक्षाबंधन के ठीक पहले जिन बहनों ने अपना भाई खोया है और माता-पिता ने पुत्र, उनका दुख अपार है." उन्होंने बालियान समाज की पीड़ा का भी जिक्र किया. साथ ही भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी 'निष्क्रियता और पक्षपातपूर्ण रवैये' से समाज के लोग हताश हैं. अखिलेश ने कहा कि सपा उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी और लिखा, 'आज नहीं तो कल इंसाफ होगा जब बदलाव होगा.'

जाट राजनीति को लेकर भी तेज हुई बहस

अंकित बलियान की हत्या के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं. अखिलेश यादव की ओर से परिवार से संपर्क और उनके समर्थन के बाद यह मामला सियासी बहस के केंद्र में आ गया है. वहीं, जयंत चौधरी ने हत्या जैसे गंभीर मामले में मृतक की जाति को आधार बनाकर राजनीति किए जाने पर आपत्ति जताई है. इससे जाट राजनीति को लेकर बहस और तेज हो गई है. अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की सक्रियता के बीच आगामी चुनावों को देखते हुए इस हत्याकांड के राजनीतिक असर पर भी चर्चा हो रही है.

8 टीमें कर रहीं आरोपियों की तलाश

अंकित की हत्या उस वक्त हुई थी जब वह जिम से लौट रहे थे. हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 8 टीमें हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय की हैं. हालांकि अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. यही वजह है कि परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है. फिलहाल पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी इस पूरे मामले में सबसे अहम है. जांच आगे बढ़ने के साथ ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.