बाढ़ आ सकती है और कट गया फोन...नेपाल में आई तबाही से बलिया के परिवार में मच गया हाहाकार!

यूपी तक

• 03:55 PM • 28 Aug 2026

नेपाल में भीषण जल प्रलय से भारत की सीमा तक असर पहुचा है. महाराजगंज में चार शव मिले हैं. राहत कार्य और जांच जारी है.

Google CTA

प्रकृति का रौद्र रूप जब सामने आता है तो इंसान अपनी पूरी जिंदगी की गाढ़ी कमाई और अपनों को एक पल में खो बैठता है. नेपाल में आई अचानक तबाही यानी 'फ्लैश फ्लड' (Flash Flood) ने ऐसा ही दर्दनाक मंजर खड़ा कर दिया है. नेपाल में आई इस भीषण आपदा की गूंज उत्तर प्रदेश के बलिया जिले तक सुनाई दे रही है. बलिया के रसड़ा क्षेत्र का एक परिवार जो पिछले करीब 40 सालों से नेपाल में रहकर अपना जीवन-यापन कर रहा था, इस तबाही की चपेट में आ गया है. बाढ़ के तेज बहाव में परिवार की 54 वर्षीय महिला और उनका 18 साल का बेटा लापता हो गए हैं जिससे बलिया में मौजूद रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है.

यह भी देखें...

एक फोन कॉल से थमी परिजनों की सांसें

बलिया के रसड़ा निवासी पीड़ित परिजनों ने बताया कि उनके बड़े पिता और पिता का परिवार करीब 40 वर्षों से नेपाल में रह रहा था. शुरुआत में वे काठमांडू में रहते थे और पिछले 20 सालों से नुवाकोट जिले के त्रिशूली बाजार में अपनी दुनिया बसाए हुए थे. हर साल छठ पूजा और अन्य त्योहारों पर वे बलिया आया करते थे.

लेकिन बीते बुधवार सुबह 9:00 बजे आए एक फोन कॉल ने बलिया में बैठे परिजनों की सांसें थमा दीं.फोन पर पिता ने सिर्फ इतना कहा "इधर बहुत तेज बाढ़ आने वाली है... कुछ भी हो सकता है..." इतना बोलते ही फोन कट गया और इसके बाद संपर्क टूट गया. काफी कोशिशों के बाद जब बात हो सकी तो पता चला कि पानी का बहाव इतना तेज था कि 54 वर्षीय उषा देवी और उनका 18 वर्षीय बेटा राहुल बाढ़ के पानी में बहकर लापता हो गए हैं.

"सब कुछ बह गया, अब संपर्क भी नहीं हो पा रहा"

रसड़ा की रहने वाली पीड़ित बेटी ने अपनी आंखों में आंसू लिए बताया 'हमारे पिताजी वहां फिलहाल सुरक्षित तो हैं. लेकिन उनका कुछ भी सामान नहीं बचा है. वहां न तो बिजली है और न ही मोबाइल नेटवर्क. चार्जर वगैरह सब बाढ़ में बह चुके हैं जिसकी वजह से फोन ऑफ आ रहे हैं और अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है. हर बीतते पल के साथ हमारी चिंता बढ़ती जा रही है. हमारी बस यही दुआ है कि सरकार की मदद से हमारी बड़ी मम्मी और भाई सुरक्षित मिल जाएं.'

पहाड़ों से रिहाइशी इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी

बुधवार को नेपाल के पहाड़ी इलाकों में अचानक हुए फ्लैश फ्लड के कारण पानी भीषण रफ्तार के साथ निचले रिहाइशी इलाकों और बाजारों में दाखिल हो गया. देखते ही देखते त्रिशूली बाजार समेत कई इलाके जलमग्न हो गए और लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला.

सलामत लौटने की आस में हर पल प्रार्थना

बलिया में बैठा यह परिवार अब हर गुजरते मिनट के साथ अपनों की सलामती की दुआ मांग रहा है. आंखों में आंसू और दिल में गहरी दहशत लिए रिश्तेदार लगातार नेपाल में संपर्क साधने की कोशिशों में जुटे हैं. नेपाल और भारत प्रशासन द्वारा राहत व बचाव कार्य जारी है. लेकिन बलिया का यह परिवार सिर्फ इस आस में टिका है कि काश उनके अपने इस कुदरती आफत से सही-सलामत बाहर निकल आएं.