Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कृष्णनगर इलाके में कार हटाने को लेकर मामूली विवाद एक बड़े हादसे में बदल गया. करीब 8 से 10 दबंगों ने तीन दोस्तों को जमकर पीटा है. इस दौरान आरोपियों ने तीनों दोस्तों पर ईंट-पत्थरों और लाठियों से जोरदार हमला किया. इस हादसे में तीनों दोस्तों को गंभीर चोटें आई हैं. अब इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
कार हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 31 अगस्त की रात करीब 1 बजे का है. प्रेमनगर के रहने वाले अमित वर्मा अपने दो दोस्तों प्रदीप मिश्रा और अंकुर पाल के साथ 'वैगनआर' कार से पूरन नगर मस्जिद के पास पहुंचे थे. पीड़ित अमित ने बताया कि वे सराफा चौकी के पास खड़े थे. तभी वहां पास में दुकान लगाने वाले दो लोग अपना ठेला लेकर आ गए.
गाड़ी हटाने के बाद भी दीं गालियां
अमित के मुताबिक, ठेले वालों ने वहां आकर गाड़ी हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद को बढ़ता देख अमित ने अपने दोस्त से कहकर गाड़ी वहां से हटवा दी और उन दोनों ठेले वालों को समझाकर वहां से जाने के लिए कहा. उस समय वे लोग वहां से चले गए और लगा कि मामला शांत हो गया है.
हथियार, लाठी और पत्थरों से हमला
कुछ देर बाद ही वे दोनों ठेले वाले 8-10 अन्य साथियों को अपने साथ लेकर वापस लौट आए. उनके हाथों में हथियार, लाठियां और पत्थर थे. उन्होंने वहां पहुंचते ही तीनों दोस्तों को घेर लिया और उन पर अचानक से जानलेवा हमला कर दिया. बेखौफ हमलावरों ने ईंट और लाठियों से तीनों की जमकर पिटाई की.
जमीन पर गिरे युवक को भी पीटा
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हमले के दौरान एक युवक के सिर पर इतनी तेजी से वार किया जाता है कि वह बेहोश होकर जमीन पर गिर जाता है. लेकिन हमलावर इसके बाद भी नहीं रुकते और जमीन पर गिरे उस युवक पर लाठियों से वार करते रहते हैं. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हमले में अमित, प्रदीप और अंकुर तीनों बुरी तरह घायल हो गए. उन्हें तुरंत इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में कई टांके आए हैं. पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है.
ADVERTISEMENT










