Jhansi Murder Case: मध्य प्रदेश के दतिया की रहने वाली 27 साल की शिवानी वंशकार ने जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार से की थी, उसी ने उसकी जान ले ली है. झांसी में शिवानी का शव उसके कमरे के बिस्तर पर ही पड़ा मिला है. शव के मुंह से खून निकल रहा था और गले पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं. शिवानी का शव जिस कमरे में बंद था, उसकी कुंडी बाहर से बंद थी और पति यश ठाकुर मौके से फरार हो गया है. परिवार वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया से प्यार, फिर शादी
शिवानी एक साधारण परिवार से थी. सोशल मीडिया के जरिए उसकी यश ठाकुर से दोस्ती हुई थी. दोस्ती बढ़ते-बढ़ते प्यार में बदल गई. करीब डेढ़ साल पहले दोनों ने परिवार की रजामंदी से शादी कर ली थी. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद होने लगा. आरोप है कि यश छोटी-छोटी बातों पर शिवानी से झगड़ा और मारपीट करता था.
अलग कमरे में रहने लगी थी शिवानी
रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर शिवानी अपने पति से अलग झांसी के सीपरी बाजार इलाके में किराए के कमरे में रहने लगी थी. उसके साथ उसकी छोटी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी रहते थे. रक्षाबंधन से पहले शिवानी ग्वालियर गई थी और वहां पति के साथ दो दिन रुकने के बाद वापस झांसी लौटी थी. परिवार को लगा था कि अब शायद सब ठीक हो जाएगा.
रात को हुआ था दोनों में विवाद
रविवार की रात शिवानी और यश के बीच फिर से कहासुनी हुई. आरोप है कि यश ने शिवानी के परिवार को लेकर अपशब्द कहे, जिससे विवाद बढ़ गया. शिवानी के मामा संतोष ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था. इसके बाद शिवानी की बहन मुस्कान अपने कमरे में सोने चली गई और भाई अनिकेत मामा के घर चला गया. शिवानी और यश अपने कमरे में थे.
रात के अंधेरे में फरार हुआ पति
शिवानी की बहन मुस्कान के मुताबिक, रात करीब डेढ़-दो बजे यश ने उससे अपना बैग मांगा. बैग देने के बाद यश ने बाहर से कुंडी लगा दी. सुबह 5 बजे जब मुस्कान को बाथरूम जाना था, तो उसने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज दी. लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया और दोनों के फोन भी बंद थे. सुबह करीब 9 बजे जब भाई अनिकेत आया और कुंडी खोली, तो शिवानी बिस्तर पर मरी हुई पड़ी थी.
गले पर मिले चोट के निशान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे की जांच के दौरान पुलिस को शिवानी के गले पर चोट के निशान मिले है. गले के अलावा शरीर पर और कहीं चोट नहीं थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी. वहीं, पुलिस की कई टीमें फरार यश ठाकुर की तलाश में जुट गई हैं.
ADVERTISEMENT










