कौशांबी के एक स्कूल में चाकू-चॉपड़ लेकर पहुंची प्रिंसिपल, हथियार रखने के लिए बताई ये गजब वजह

यूपी तक

• 07:42 PM • 17 Jul 2026

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी के एक प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रिंसिपल शिखा सिंह चाकू और चौपड़ लेकर क्लासरूम पहुंच गईं, जिससे बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई.

Google CTA

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश में  कौशांबी जिले के एक प्राथमिक विद्यालय लुकिया की इंचार्ज प्रिंसिपल शिखा सिंह अपने साथ धारदार चाकू और चौपड़ लेकर क्लासरूम में पहुँच गईं. प्रिंसिपल के हाथ में खतरनाक हथियार देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई और बाकी शिक्षक भी बुरी तरह डर गए. देखते ही देखते पूरे स्कूल में दहशत का माहौल बन गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और पुलिस ने हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया. विभाग अब आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई कर रहा है.

यह भी देखें...

प्रिंसिपल ने दी सुरक्षा की दलील

मैडम शिखा सिंह ने बताया की वह स्कूल में असुरक्षित महसूस करती हैं, जिसके चलते उन्होंने अपनी आत्मरक्षा के लिए यह हथियार अपने साथ रखे थे. उनका कहना था कि क्लासरूम में लोग बंदूक तक लेकर आ जाते हैं, लेकिन उन्होंने बंदूक नहीं बल्कि सिर्फ चाकू लिया है. प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि वे इस चाकू से किसी को मार नहीं रही थीं, बल्कि सिर्फ अपने पास रख रही थीं. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उन्हें किससे खतरा है और किसी का नाम लेने से भी इनकार कर दिया.

अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप

इस हंगामे के बाद स्कूल परिसर में कई डरे-सहमे अभिभावक भी इकट्ठा हो गए, जिन्होंने प्रिंसिपल पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना था कि प्रिंसिपल साहिबा सिर्फ स्कूल में ही नहीं, बल्कि रास्ते में भी लोगों को डंडों और ईंट-पत्थरों से पीटती हुई आ रही थीं. उन्होंने रास्ते में आने-जाने वाले ऑटो चालकों, ई-रिक्शा वालों और यहाँ तक कि रास्ते में मिलने वाले कुत्तों पर भी ईंटें चलाईं. एक अभिभावक ने बताया कि प्रिंसिपल की इस हरकत की वजह से कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं, जिसके बाद वे थाने में शिकायत देने जा रहे थे.

प्रशासन ने शुरू की सख्त कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव तुरंत पुलिस बल के साथ स्कूल पहुँचे. उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और पुलिस ने प्रिंसिपल के पास मौजूद चाकू और चौपड़ को जब्त कर लिया. खंड शिक्षा अधिकारी ने जब प्रिंसिपल के पति से बात की, तो उनके पति ने बताया कि शिखा सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि सोशल मीडिया पर मामला संज्ञान में आते ही त्वरित जांच कराई गई है. आरोपी इंचार्ज प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.