पहले कहासुनी और फिर धीरे-धीरे..., गाजियाबाद की एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर ये क्या हो गया?

यूपी तक

• 04:36 PM • 16 Jul 2026

Ghaziabad News: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में दो पूर्व AOA पदाधिकारियों के बीच हुई मारपीट का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Google CTA

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर दो लोग आपस में बुरी तरह लड़ने लगे. दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले. यह मारपीट सोसाइटी के दो पूर्व पदाधिकारियों के बीच हुई है. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी देखें...

लिफ्ट के अंदर जमकर मारपीट

यह पूरी घटना गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में स्थित GH7 हाईराइज सोसाइटी की है. बीते 15 जुलाई की सुबह लिफ्ट के अंदर दो लोग एक-दूसरे पर पेशेवर मुक्केबाजों की तरह हाथ चलाते और पटकते हुए दिखाई दिए. वीडियो में साफ दिख रहा है कि लिफ्ट का दरवाजा खुलते ही दोनों के बीच गुत्थमगुत्था शुरू हो जाती है. सोसाइटी जैसी प्रतिष्ठित जगह पर रहने वाले प्रबुद्ध लोगों के बीच बीच-बचाव के बिना हुई इस बेरहमी से मारपीट का वीडियो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

सोसाइटी पदाधिकारियों में पुराना विवाद

लिफ्ट में मारपीट करने वाले इन दोनों व्यक्तियों की पहचान प्रहलाद कुमार और दीपक चोपड़ा के रूप में हुई है. ये दोनों ही सोसाइटी के पूर्व एओए (Apartment Owners Association) पदाधिकारी हैं. वायरल वीडियो में सबसे पहले प्रहलाद कुमार, दीपक चोपड़ा पर हाथ उठाते हुए नजर आते हैं, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगती है. बताया जा रहा है कि इन दोनों के बीच सोसाइटी से जुड़ी बातों को लेकर काफी समय से तनातनी और विवाद चल रहा था.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

15 जुलाई 2026 की सुबह क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने को इस घटना की सूचना मिली. इसके बाद पीड़ित दीपक चोपड़ा ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.