Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लोनी बॉर्डर इलाके से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ रतिराम कॉलोनी में महज बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में एक 23 साल के युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. जिस घर में कुछ देर पहले भतीजी के जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहाँ अचानक मातम पसर गया है. यह वारदात रविवार की देर रात करीब 12 बजे की है. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहा है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद
मृतक की पहचान 23 वर्षीय विपिन के रूप में हुई है. रविवार की रात विपिन अपनी बाइक से भतीजी के जन्मदिन में आए रिश्तेदारों को छोड़कर घर लौट रहा था. परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, जब वह अपने घर के बाहर पहुँचा, तो वहीं के रहने वाले सोनू नाम के शख्स ने उसे रोक लिया. बाइक का हॉर्न बजाने जैसी छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते सोनू पर खून सवार हो गया और उसने अपनी दबंगई दिखाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
सरेआम बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
आरोप है कि सोनू ने जब फायरिंग की, तो पहली गोली विपिन के भाई के हाथ में लगी. उस वक्त उसके हाथ में मोबाइल फोन था, जो गोली लगने से टूट गया. इसके बाद हमलावर ने दूसरी गोली सीधे विपिन के पेट में मार दी. गोली लगते ही विपिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी सोनू का परिवार आपराधिक प्रवृत्ति का है और हत्या करने के बाद भी उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं.
आरोपी के पिता-पत्नी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाने की पुलिस और एसीपी अंकुर विहार तुरंत मौके पर पहुँचे. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सोनू के पिता ब्रह्मपाल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार किसका था. मुख्य आरोपी सोनू फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.
ADVERTISEMENT










