Rajpal Yadav Jail: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा तीन महीने की सजा सुनाए जाने के बाद उनके पैतृक गांव कुंडरा के निवासी इस फैसले से खुश नहीं हैं. बंडा ब्लॉक में पड़ने वाले इस गांव के लोग अपने चहेते कलाकार के लिए बेहद परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि राजपाल यादव के साथ बहुत गलत और अन्याय हो रहा है. पूरी दुनिया को अपनी एक्टिंग से हंसाने वाला इंसान आज खुद संकट में है, जिससे पूरा गांव उनके समर्थन में खड़ा है. गांव के लोग उनके लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं और सरकार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
जातिवाद से दूर हैं राजपाल यादव
गांव के युवाओं और बुजुर्गों का कहना है कि राजपाल यादव जब भी अपने गांव आते हैं, तो यहाँ एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है. उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे कभी जातिवाद को नहीं मानते हैं. गांव में किसी भी जाति का कोई भी व्यक्ति हो, वे सभी से बहुत प्यार और सम्मान के साथ मिलते हैं. वे बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को पूरा आदर देते हैं. गांव में आते ही वे छोटे बच्चों को तुरंत अपनी गोदी में उठा लेते हैं और सबके साथ बैठकर बातचीत करते हैं.
फिल्मी कलाकार का घमंड नहीं है
ग्रामीणों ने बताया कि राजपाल यादव इसी गांव में पैदा हुए और बचपन में सबके साथ खेल-कूद कर बड़े हुए हैं. आज यहाँ उनके तीन भाई भी रहते हैं. इतनी बड़ी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद भी उनमें जरा सा भी घमंड नहीं है. जब वे गांव आते हैं, तो उनके साथ सुरक्षा गार्ड भी होते हैं. इसके बावजूद वे अपने सुरक्षा गार्डों को साथ लेकर गांव में नहीं घूमते हैं, क्योंकि उन्हें अपने गांव के लोगों पर पूरा भरोसा है. वे सभी के साथ घरेलू संबंध रखते हैं और लोगों को कभी यह एहसास नहीं होने देते कि वे कोई बड़े फिल्मी स्टार हैं.
सरकार और भगवान से लगाई गुहार
दिल्ली हाई कोर्ट से सजा की खबर सुनकर गांव के लोग बहुत दुखी हैं और भगवान से लगातार प्रार्थना कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि राजपाल यादव बहुत अच्छे और व्यवहार कुशल व्यक्ति हैं. उन्होंने गांव का नाम पूरी दुनिया में आगे बढ़ाया है और यहाँ बहुत विकास कार्य भी कराए हैं. गांव के लोगों को उनके लिए बहुत बुरा लग रहा है. इसलिए उन्होंने सरकार से भी गुजारिश की है कि उन्हें इस मामले में राहत दी जाए ताकि उन्हें जल्द से जल्द न्याय मिल सके.
ADVERTISEMENT










