Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक पत्नी ने रविवार के दिन अपने ही पति को उसकी प्रेमिका के साथ एक होटल में रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद पत्नी ने गुस्से में पति की बीच सड़क पर ही जमकर धुनाई कर दी है. इस हंगामे के कारण सड़क पर जाम लग गया और लोग तमाशबीन बनकर सबकुछ देखते रहे. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई.
ADVERTISEMENT
प्रेमिका के साथ पकड़ा गया पति
यह पूरा मामला हापुड़ के बांके बिहारी होटल का है. रविवार की छुट्टी के दिन एक महिला को कहीं से भनक लगी कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ होटल में रुका हुआ है. सूचना मिलते ही पत्नी अपने परिवार वालों को साथ लेकर सीधे होटल पहुँच गई. जैसे ही उसने होटल के कमरे के अंदर अपने पति को दूसरी महिला के साथ देखा, वहाँ हंगामा शुरू हो गया. दावा किया जा रहा है कि होटल में पति के साथ मौजूद महिला एक सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात है, हालांकि पुलिस अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि के लिए जांच कर रही है.
बीच सड़क पर हुई जमकर पिटाई
होटल के अंदर पति को पकड़ने के बाद पत्नी उसे और उसकी गर्लफ्रेंड को खींचकर बाहर ले आई. इसके बाद गुस्से से आगबबूला पत्नी ने पति पर थप्पड़ों और गालियों की बौछार कर दी. मारपीट के कारण पति के कपड़े तक फट गए. होटल के बाहर शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में मुख्य सड़क तक पहुँच गया, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले वाहन रुक गए और जाम लग गया. वहाँ मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने के बजाय इस पूरे ड्रामे का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है.
पुलिस मामले की कर रही जांच
सड़क पर काफी देर तक चले इस हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और मामले की छानबीन के लिए उन्हें अपने साथ थाने ले गई. नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत मिलने और जांच के आधार पर की जाएगी.
ADVERTISEMENT










